रीवा:कमिश्नर बीएस जामोद ने कमिश्नर कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा की. कमिश्नर ने कहा कि मुख्यमंत्री जी की विशेष पहल पर जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है.भावी पीढ़ी का जीवन सुरक्षित रखने के लिए जल संरक्षण और संवर्धन अनिवार्य है. अभियान से जुड़े विभागों के अधिकारी कार्ययोजना बनाकर अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएं. सभी अधिकारी जल गंगा संवर्धन अभियान में सर्वोच्च प्राथमिकता से जल संरक्षण के कार्य कराएं.
संभाग के सभी जिलों के लिए एक-एक नदी के उद्गम स्थल की साफ-सफाई तथा जल संरक्षण के अन्य कार्य चिन्हित किए गए हैं. रीवा और मऊगंज जिले में बिछिया नदी को पुनर्जीवित करने के लिए जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत अपनी बिछिया अपनी धरोहर अभियान चलाया जा रहा है. इसके तहत नदी के जल ग्रहण क्षेत्र में वृक्षारोपण तथा जल संरक्षण के कार्य कराएं. शिक्षा विभाग तथा ग्रामीण विकास विभाग मिलकर इसके लिए जागरूकता अभियान चलाएं.
नदी की साफ-सफाई के लिए सामूहिक रूप से श्रमदान, जल यात्रा, जल संरक्षण की शपथ तथा जल रैली जैसे कार्यक्रम लगातार आयोजित करें. सामाजिक संगठनों एवं आमजनता को भी इस अभियान में शामिल करें. संभागीय समन्वयक जन अभियान परिषद इसकी कार्ययोजना तैयार करें. शहरी क्षेत्र के लिए आयुक्त नगर निगम तथा ग्रामीण क्षेत्र के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी इसके लिए नोडल अधिकारी होंगे. बैठक में अधिकारी माजूद रहे.
