भोपाल: संभागीय कार्यालय में सभागायुक्त संजीव सिंह ने एक बार फिर से रसोई गैस की समस्या को लेकर संबधित अधिकारियों के साथ बैठक की. उन्होंने एक बार फिर शहर में पीएनजी कनेक्शनों को देने पर जोर दिया.अभी तक रसोई गैस के सिलेंडरों की आपूर्ति सामान्य नहीं है. जबकि गैस की समस्या को लेकर सोमवार को भी संभाग आयुक्त बैठक ले चुके हैं. राजधानी में रसोई गैस सिलेंडर की समस्या कम होने का नाम नहीं ले रही है. उपभोक्ता को बुकिंग के 10 दिन बाद भी सिलेंडर घर पर नहीं पहुंच रहे हैं. जिस वजह से एंजेंसियों पर पहुंचने को मजबूर हो रहे हैं. वहीं बुकिंग में भी कोई कमी नहीं आ रही है. सप्लाई की क्षमता से अधिक बुकिंग हो रही है.
जिससे एजेंसियों को सप्लाई करने में देरी हो रही है. रसोई गैस सिलेंडर की पेंडिंग बुकिंग की संख्या लगभग 20 हजार बनी हुई है. इस समस्या से राहत देने के लिए अब प्रशासन ने शहर में थिंक गैस की ओर से शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में बिछाई जाने वाली पाइपलाइन और दिए जाने वाले पीएनजी कनेक्शन देने का काम बढ़ाना शुरू कर दिया है. संभागायुक्त ने कहा कि 3 महीने में 75 हजार घरों में पीएनजी कनेक्शन हो जाना चाहिए, जो पीएनजी कनेक्शन नहीं लेगा, उनका एलपीजी कनेक्शन काट दिया जाएगा. बैठक में प्रशासन के अधिकारियों सहित पीडब्ल्यूडी,नगर निगम,थिंक गैस के अधिकारी मौजूद रहे,
कालाबाजारी या प्रशासन की कमी
प्रशासन का दावा है कि प्रतिदिन शहर में लगभग 12 हजार सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है, लेकिन जब बुकिंग करने पर दो से तीन दिनों में होम डिलीवरी नहीं हो रही है तो गैस एजेंसियां कंपनियों से मिलने वाले सिलेंडरों के स्टॉक का क्या कर रही हैं? कालाबाजारी पर पूरी तरह जिम्मेदार अधिकारी अंकुश क्यों नहीं लगा पा रहे हैं? आखिरकार जब गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता तो 25 दिनों से सिलेंडरों की आपूर्ति की व्यवस्था पटरी पर क्यों नहीं लौट पा रही है?
एक दर्जन क्षेत्रों में बिछी है गैस पाइप लाइन
शहर में पीएनजी को बिछाने का कार्य लगभग तीन साल से चल रहा है. इस दौरान सुभाष नगर, गौतम नगर, नर्मदापुरम रोड आशिमां मॉल के आसपास की कॉलोनियां, नारायण नगर, विद्या नगर, बावडिय़ा कलां क्षेत्र, अरेरा कॉलोनी आदि क्षेत्रों में पीएनजी बिछाई जा चुकी है और यहां पर कलेक्शन भी दिए जा रहे हैं. वहीं न्यू मार्केट, शिवाजी नगर, 74 बंगले, चार इमली आदि क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाने का काम जारी है.
7 हजार के करीब 5 किलो के गैस सिलेंडर, कनेक्शन देने हुए शुरू
जिला खाद्य नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन ने बताया कि राजधानी में 7 हजार 5 किलो एलपीजी की क्षमता के सिलेंडर हैं, जो अब उपभोक्तओं को एजेंसियों की ओर से दिए जाएंगे. इसमें इंडेन के 4 हजार और एचपी व भारत के 3 हजार सिलेंडर शामिल हैं. इसके लिए सिर्फ आधार कार्ड की फोटो कॉपी देनी होगी. इससे रसोई गैस की किल्लत कुछ हद तक दूर होगी. छोटे-छोटे चाय ठेले, स्टूडेंट्स सहित दो से तीन सदस्यों वाले परिवार ऐसे कनेक्शन लेकर रसोई गैस की परेशानी से बच सकते हैं. इसके लिए 1150 सिक्युरिटी के तौर पर संबंधित एजेंसी में पैसे जमा कराने होंगे. गैस खत्म होने पर एजेंसी से ही नियमनुसार गैस भरवानी होगी.
एक नजर में पीएनजी
35 से 40 प्रतिशत नए शहर का थिंक गैस ने कवर किया.
25 हजार घरों में घरेलू गैस कनेक्शन दिए जा चुके हैं.
8 हजार उपभोक्ता पीएनजी गैस का उपयोग कर रहे.
42 हजार घर ऐसे जिनमें पीएनजी कनेक्शन दिए जा सकता है.
