
रीवा, दीपावली का त्यौहार नजदीक आते ही खाद्य पदार्थो की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा छापामार कार्यवाही शुरू कर दी गई है. कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देश पर त्यौहार को देखते हुए विशेष अभियान शुरू किया गया है. मिष्ठान प्रतिष्ठानों में विक्रय किये जा रहे मिष्ठान की गुणवत्ता जांचने खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा कई जगह छापामार कार्यवाही की गई. जहा किचन में गंदगी पाई गई. इसके साथ ही कई दुकानों से मिठाई के सेम्पल एकत्र किये गये.
बुधवार को नये बस स्टैण्ड के पास स्थित फारएवर स्वीट्स एवं रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया. जहा किचन में पुरानी मिठाईयों को रीसाइकिल कर नई मिठाई में मिलाने की तैयारी की गई थी. जिसे दीपावली में खपाने की तैयारी थी. मौके पर पहुंची टीम ने पुरानी मिठाई का नष्ट कराया. साथ ही किचन में गंदगी होने एवं कढ़ाई के साफ न होने पर संचालक राकेश पटेल एवं संदीप पटेल के विरूद्ध खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्यवाही की जा रही है. इसी तरह अन्य प्रतिष्ठानों में भी निरीक्षण के दौरान सेम्पल एकत्र किये गये. खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमरीश दुबे ने बताया कि दीपावली त्यौहार को देखते हुए कलेक्टर के निर्देश पर विशेष अभियान शुरू किया गया है. प्रतिष्ठानों में बिकने वाली मिठाई की गुणवत्ता के साथ साफ-सफाई का भी निरीक्षण किया जा रहा है. यह अभियान जारी रहेगा.
