कपड़ा मंत्रालय पीएलआई योजना पोर्टल पर पहली नवंबर से प्राप्त करेगा नयी अर्जियां

नयी दिल्ली, 28 अक्टूबर (वार्ता) कपड़ा मंत्रालय टेक्सटाइल क्षेत्र के लिए उत्पादन आधारित प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना के तहत चौथे चक्र में नये आवेदन स्वीकार करने के लिए 1 नवंबर से 31 दिसंबर तक योजना का पोर्टल फिर से खोलने जा रहा है। यह जानकारी बुधवार को कपड़ा मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति में दी।

इस पहल का उद्देश्य मानव निर्मित फाइबर (एमएमएफ) से बने परिधानों, एमएमएफ फैब्रिक्स और तकनीकी वस्त्रों के विनिर्माण को बढ़ावा देना, घरेलू विनिर्माण क्षमताओं का विस्तार करना, निवेश आकर्षित करना, रोजगार सृजित करना और वैश्विक टेक्सटाइल वैल्यू चेन में भारत की स्थिति को मजबूत करना है।

 

योजना के तहत अधिक से अधिक कंपनियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए इसमें कुछ महत्वपूर्ण संशोधन भी किए गए हैं जिनमें न्यूनतम कारोबार की शर्त भी हल्की की गयी है। योजना के भाग-2 के तहत न्यूनतम टर्नओवर की आवश्यकता 200 करोड़ रुपये से घटाकर 100 करोड़ रुपये कर दी गई है। इससे सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों और मध्यम आकार की विनिर्माण इकाइयों को योजना में भाग लेने का अधिक अवसर मिलेगा।

केवल चौथे चरण के तहत स्वीकृत आवेदकों के लिए योजना की अवधि बढ़ाकर वित्त वर्ष 2033-34 तक कर दी गई है। योजना के पहले, दूसरे और तीसरे चरण के किसी भी भाग में शामिल वे सभी मौजूदा कंपनियां, जिन्होंने अब तक कोई प्रोत्साहन राशि प्राप्त नहीं की है या जिसके लिए दावा नहीं किया है, चौथे चरण में स्थानांतरित होने के लिए पात्र होंगी।

Next Post

प्रतिष्ठानों में छापे: मिल्क केक, मलाई बर्फी, लड्डू-पेड़ा के लिए नमूने

Wed Oct 28 , 2026
जबलपुर । खाद्य पदार्थों में मिलावट और दूषित खाद्य सामग्री के विक्रय को रोकने राजस्व एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने खाद्य सामग्री के विक्रय प्रतिष्ठानों में बुधवार को छापेमारी की। मिलावट की आशंका पर लिए मिल्क केक, मलाई बर्फी, बेसन के लड्डू और पेड़ा के सेम्पल लिए गए […]

You May Like