
जबलपुर । खाद्य पदार्थों में मिलावट और दूषित खाद्य सामग्री के विक्रय को रोकने राजस्व एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने खाद्य सामग्री के विक्रय प्रतिष्ठानों में बुधवार को छापेमारी की। मिलावट की आशंका पर लिए मिल्क केक, मलाई बर्फी, बेसन के लड्डू और पेड़ा के सेम्पल लिए गए ।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को विजय नगर स्थित अमृत भंडार बेकरी कारखाना एवं दुकान का निरीक्षण किया गया। मौके पर केक एवं मिठाइयों का विक्रय संग्रह पाया गया। इस प्रतिष्ठान से मिल्क केक, मलाई रोल, मलाई बर्फी के सैंपल
जांच करने लिए गए है। इसी प्रकार दीनदयाल चौक स्थित केशरवानी स्वीट्स की दुकान एवं कारखाने के निरीक्षण के दौरान कारखाने में साफ सफाई नहीं पाई गई। कारखाने में रखे मावा, बेसन लड्डू, खोवा बर्फी एवं पेड़ा के 4 सैंपल जांच करने लिए गए है। केशरवानी स्वीट्स को धारा 32 के अंतर्गत नोटिस दिया जा रहा है। राजस्व एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के करमेता स्थित बीकानेर स्वीट्स के कारखाने एवं दुकान के निरीक्षण में कारखाने एवं स्टोर में साफ सफाई नहीं पाई गई।मौके पर बनाई जा रही चॉकलेट रोल एवं बर्फी के सैंपल जांच करने लिए गए है। धारा 32 का नोटिस जारी किया जा रहा है। इस दुकान में सड़े हुए प्याज रखे पाए गए जिनको प्याज की कचौरी में उपयोग किया जाता है। मौके पर लगभग 3 किलो प्याज नष्ट कराया गया। इसी क्रम में मेडिकल स्थित बडक़ुल स्वीट एवं नंदीश्वर स्वीट का निरीक्षण कर जांच की गई दोनों दुकानों से नमकीन एवं पेड़ा के 4 सैंपल जांच करने लिये गए है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत बुधवार को लिए गये सभी 13 नमूने जांच करने राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजे जा रहे है। रिपोर्ट प्राप्त होने पर अग्रिम कारवाई की जाएगी कारवाई निरंतर जारी रहेगी।
