
ग्वालियर। माधवराव सिंधिया की 25वीं पुण्यतिथि के अवसर पर 30 सितंबर को शहर में श्रद्धांजलि अर्पित करने हेतु विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम संयोजक रमेश अग्रवाल एवं बालखाण्डे ने बताया कि आयोजनों की शुरुआत सुबह 8 बजे नदी गेट स्थित और सुबह 9 बजे अम्मा महाराज की छत्री स्थित माधवराव सिंधिया की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की जाएगी। शाम 4:30 बजे छत्री परिसर स्थित गोपाल मंदिर में गायक राजेश जैन, शिन्नी कालविन्ट व साथियों द्वारा स्वरांजलि भजन प्रस्तुत किए जाएंगे। इस अवसर पर चार धर्मों के धर्मगुरुओं एवं ढोली बुआ महाराज का शॉल-श्रीफल से सम्मान भी होगा।
पुण्यतिथि पर विभिन्न जनसेवा कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे—जिसमें 1000 बिस्तरों के अस्पताल, महाराज बाड़ा, मुरार और सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भोजन व फल वितरण शामिल है। इसके अलावा दीनदयाल नगर अस्पताल एवं एमआईटीएस डीम्ड यूनिवर्सिटी में रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। साथ ही 1000 बिस्तरों के अस्पताल, शिक्षण संस्थानों और माधव पुस्तकालय में एयर व वाटर कूलर भेंट किए जाएंगे। स्वर्ग सदन आश्रम में मेडिकल कैंप एवं गौ-सेवा के कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। आयोजकों ने शहरवासियों से भजन संध्या में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
