ढाका, 05 मार्च (वार्ता) बंगलादेश सरकार ने देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘स्वाधीनता पदक 2026’ के प्राप्तकर्ताओं की घोषणा कर दी है, जिनमें देश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान की दिवंगत मां बेगम खालिदा ज़िया का नाम भी शामिल है।
ढाका ट्रिब्यून की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री बेगम खालिदा जिया को स्वतंत्रता, लोकतंत्र और महिलाओं की शिक्षा में उनके योगदान के लिए मरणोपरांत इस सम्मान के लिए चुना गया है। उनके साथ विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए 15 विशिष्ट व्यक्तियों और पांच संस्थानों को भी सम्मानित किया जाएगा।
कैबिनेट डिवीजन द्वारा रविवार को जारी अधिसूचना में स्वतंत्रता संग्राम, साहित्य, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, चिकित्सा, संस्कृति, खेल, ग्रामीण विकास, सामाजिक सेवा, लोक प्रशासन, अनुसंधान एवं प्रशिक्षण तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में योगदान को मान्यता दी गयी है।

