शिक्षा की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं : डीईओ गौतम बर्वे

जबलपुर। सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला शिक्षा अधिकारी गौतम बर्वे मंगलवार को पनागर विकासखंड के चार शासकीय विद्यालयों में औचक निरीक्षण के लिए पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अध्ययन-अध्यापन, शिक्षकों की नियमितता, विद्यार्थियों की उपस्थिति, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं और विद्यालयीन व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। अनियमितताएं मिलने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय में मिलीं अव्यवस्थाएं

सांदीपनि उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पनागर में परिसर और कक्षाओं की साफ-सफाई संतोषजनक नहीं मिली। कई कक्षाएं अव्यवस्थित थीं तथा निर्धारित समय पर कुछ शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। इस पर डीईओ ने नाराजगी व्यक्त करते हुए प्राचार्य को तत्काल व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए।

बालक माध्यमिक विद्यालय में पंखों और अध्यापन डायरी का अभाव

शासकीय बालक माध्यमिक विद्यालय पनागर में कई कक्षाओं में पंखे नहीं मिले, जिससे विद्यार्थियों को परेशानी हो रही थी। वहीं शिक्षकों के पास दैनिक अध्यापन डायरी भी उपलब्ध नहीं थी। डीईओ ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने तथा शैक्षणिक अभिलेख नियमित रूप से संधारित करने के निर्देश दिए।

दो विद्यालयों में दिए सुधार के निर्देश

शासकीय वरिष्ठ बुनियादी हाई स्कूल एवं पीएम श्री कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पनागर में स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए गए। इस दौरान शिक्षकों से चर्चा कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने गए तथा कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया।

‘हर बच्चे तक पहुंचे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा’

निरीक्षण के दौरान डीईओ गौतम बर्वे ने कहा की शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है की कोई भी बच्चा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित न रहे। विद्यालय केवल पढ़ाई के केंद्र नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण की आधारशिला हैं। इसलिए प्रत्येक शिक्षक पूरी निष्ठा, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ शिक्षण कार्य करें।

औचक निरीक्षण रहेंगे लगातार जारी

डीईओ ने स्पष्ट किया की विद्यालयों में नियमित अध्ययन-अध्यापन, स्वच्छ वातावरण, विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति तथा बेहतर शैक्षणिक माहौल सुनिश्चित किया जाएगा। भविष्य में भी औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे और कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान विकासखंड शिक्षा अधिकारी सोनम कटारे, विधि प्रभारी कृष्णकांत शर्मा सहित संबंधित विद्यालयों के प्राचार्य, प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

Next Post

सिंग्रामपुर–पोड़ी लिंक रोड पर ककरहा नाला में गिरी अल्टो कार, चालक सुरक्षित

Tue Aug 4 , 2026
सिंग्रामपुर/दमोह। सिंग्रामपुर–पोड़ी लिंक रोड स्थित ककरहा नाला में मंगलवार दोपहर एक तेज रफ्तार अल्टो कार अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी। हादसे में कार सवार व्यक्ति को मामूली चोटें आईं, जबकि वह पूरी तरह सुरक्षित है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अल्टो कार ग्राम कोडे से सिंग्रामपुर की ओर आ रही […]

You May Like