
सीधी। कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम में जिले के जल संरक्षण कार्यों का उल्लेख होना पूरे जिले के लिए गर्व और सम्मान की बात है। यह उपलब्धि केवल प्रशंसा तक सीमित नहीं है बल्कि इससे जिले की जिम्मेदारियां भी बढ़ी हैं। अब आवश्यकता है कि जल संरक्षण और जनभागीदारी के इस मॉडल को और अधिक प्रभावी बनाते हुए उसे आजीविका, पर्यावरण संरक्षण तथा ग्रामीण विकास से जोड़ा जाए।
कलेक्टर ने इस उपलब्धि में योगदान देने वाले सभी विभागों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रत्येक विभाग अपने कार्यों में उत्कृष्टता और नवाचार के नए मानक स्थापित करने का प्रयास करे। जिला पंचायत सभागार में आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि अभियान के अंतर्गत निर्मित जल संरचनाओं का उपयोग केवल जल संग्रहण तक सीमित न रहे बल्कि उन्हें ग्रामीण आजीविका का सशक्त माध्यम बनाया जाए। कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को अपने कार्यालयों एवं शाखाओं का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालयों की कार्यप्रणाली, अभिलेखों का संधारण, स्वच्छता, समयबद्ध सेवा वितरण तथा नागरिक सुविधाओं की निरंतर समीक्षा की जाए। प्रत्येक विभाग अपने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रत्येक माह पिछले माह की तुलना में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करे। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रत्येक शनिवार आयोजित होने वाले साप्ताहिक स्वास्थ्य शिविर निरंतर जारी रहेंगे। आगामी कुछ सप्ताह तक खनन प्रभावित क्षेत्रों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। इन क्षेत्रों में कुपोषण एवं क्षय रोग (टीबी) के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जाएगा। साथ ही पशुपालन विभाग भी स्वास्थ्य शिविरों के साथ अपने विशेष शिविर आयोजित कर पशुओं के उपचार, टीकाकरण एवं विभागीय योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाएगा। स्कूलों, आंगनवाड़ी केन्द्रों, छात्रावासों एवं अन्य शासकीय संस्थानों में पेयजल स्रोतों की गुणवत्ता की नियमित जांच कराने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में 29 जुलाई को आयोजित होने वाले रोजगार मेला युवा संगम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए ताकि अधिक से अधिक युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकें। कलेक्टर ने सभी नगरीय निकायों को बस स्टैण्डों का निरीक्षण कर यात्रियों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बस स्टैण्डों पर स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, प्रतीक्षालय एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।
००
बीमारियों की रोकथाम व उपचार की करें समुचित व्यवस्था
वर्षाकाल के दृष्टिगत कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मौसमी बीमारियों की रोकथाम एवं उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पेयजल स्रोतों की नियमित निगरानी कर उनकी शुद्धता बनाए रखी जाए तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में साफ-सफाई एवं जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पुल एवं पुलियों के डूबने की स्थिति में सुरक्षा के सभी आवश्यक उपाय किए जाएं ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।
००००००००००००
