पानी में बह गई नौसा-बेल्दह नहर

सीधी। पानी में नौसा-बेल्दह नहर बह गई। गुलाब सागर महान परियोजना की नहर टूटने से जहां सवाल खड़े हुए हैं वहीं दर्जनों किसान प्रभावित हैं।

अल्पवर्षा से जहां एक ओर किसानों की खेती-किसानी का कार्य प्रभावित है वहीं नौसा-बेल्दह के बीच महान परियोजना की मुख्य नहर के टूटने से दर्जनों किसानों के खेतों में लबालब पानी भर जाने से वह बोनी का कार्य नहीं कर पा रहे हैं। करीब 20 एकड़ क्षेत्रफल में मुख्य नहर के टूटने से पानी खेतों में भरा हुआ है। बताया गया है कि जिस स्थान पर करीब माह भर पहले मुख्य नहर टूटी है वहां पहले से ही सीपेज बना हुआ था। जिसका सुधार कार्य न होने के कारण आखिर मुख्य नहर इस स्थान पर पूरी तरह से टूट गई। नहर के टूटने से आगे पानी का जाना भी बंद हो गया है। जिससे सैकड़ों किसानों के खेतों में पानी नहीं पहुंचने से खरीफ सीजन में धान की फसल की बोनी कार्य प्रभावित है। जिस स्थान पर नहर टूटी हुई है उससे लगे करीब 20 एकड़ क्षेत्रफल के खेतों में लबालब पानी भर गया है। खेतों में लगातार पानी आने के कारण मिट्टी की कटाई भी शुरू हो गई है।

किसानों का कहना था कि यदि तत्काल नहर की मरम्मत नहीं कराई गई तो कई एकड कृषि भूमि बर्बाद हो जाएगी। नहर टूटने की सूचना महान परियोजना को एसडीओ एवं सब इंजीनियर को समय रहते दी गई थी लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई शुरू नहीं हुई। विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के चलते किसानों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। क्षेत्रीय किसानों का कहना था कि महान परियोजना के जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा यदि जल्द से जल्द टूटी हुई नहर की मरम्मत नहीं की गई तो सडक़ पर उतरकर इसका विरोध किया जाएगा। विभागीय अधिकारी किसानों की गंभीर समस्या को लंबे समय से नजर अंदाज कर रहे हैं। जिन किसानों के खेतों में पानी भरा हुआ है वह तो खरीफ सीजन में खेती करने का अवसर भी धीरे-धीरे खो रहे हैं। नहर से लगातार पानी आ रहा है। जिसको बंद करने की जरूरत भी नहीं समझी जा रही है।

००

किसानों के हित में सडक़ पर उतरेंगे: प्रफुल्ल

किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल पाण्डेय ने कहा कि मुख्य नहर से सीपेज पूर्व से ही बना हुआ था। जिसका सुधार कार्य लंबे समय बाद भी नहीं किया गया। लिहाजा नौसा-बेल्दह के बीच करीब एक माह पूर्व मुख्य नहर टूट गई। मुख्य नहर के टूटने से करीब 20 एकड़ भूमि में लबालब पानी भर गया है। विभागीय अधिकारियों को पूर्व में ही सूचना दी गई थी फिर भी नहर की मरम्मत का कार्य अभी तक करने की जरूरत नहीं समझी गई। श्री पाण्डेय ने कहा कि किसानों के हित को देखते हुए कांग्रेस निर्णायक लड़ाई लडऩे की तैयारी भी कर रही है।

००

इनका कहना है

नौसा-बेल्दह के मध्य महान परियोजना की मुख्य नहर के टूटने की जानकारी मिली है। वह आज भी मौके पर निरीक्षण के लिए जा रहे हैं। वहां निरीक्षण के पश्चात टूटी हुई नहर का जल्द से जल्द मरम्मत कराने का कार्य भी किया जाएगा।

पी.के.त्रिपाठी, ईई महान नहर परियोजना सीधी

००००००००००००००

Next Post

स्वदेशी जागरण मंच ने पूर्व सैनिकों को दिलाया स्वदेशी का संकल्प

Mon Jul 27 , 2026
मंदसौर। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद द्वारा आयोजित कार्यक्रम में स्वदेशी जागरण मंच के विभाग संयोजक श्री अंकुश पालीवाल के नेतृत्व में मंच के पदाधिकारियों ने उपस्थित पूर्व सैनिकों एवं नागरिकों को स्वदेशी अपनाने का संकल्प दिलाया। इस अवसर पर विभाग पर्यावरण प्रमुख पं. दिलीप व्यास, जिला संयोजक दिलीप […]

You May Like