मंदसौर में तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 शुरू, जागरूकता रैली निकाली

मंदसौर। युवाओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों से अवगत कराने और समाज में तंबाकू सेवन के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को जिले में ‘तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0’ का शुभारंभ किया गया। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिला चिकित्सालय परिसर से जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से आमजन को तंबाकू से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करते हुए इसके सेवन से दूर रहने का संदेश दिया गया।

जिला चिकित्सालय परिसर में नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जिला प्रशिक्षण केंद्र (आईपीपी-6), मंदसौर पहुंचकर संपन्न हुई। अभियान के तहत गांधी चौराहे पर मानव श्रृंखला बनाकर भी तंबाकू मुक्त समाज का संदेश दिया गया।

26 दिसंबर तक चलेगा अभियान

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. द्विवेदी ने बताया कि जिले में यह अभियान आगामी 60 दिनों तक, 26 दिसंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न विभागों, शैक्षणिक संस्थानों और स्थानीय निकायों के सहयोग से जागरूकता गतिविधियां आयोजित होंगी। अभियान में युवाओं सहित विभिन्न वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य युवाओं को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों से अवगत कराने के साथ तंबाकू नियंत्रण से जुड़े कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इसके साथ ही शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू मुक्त वातावरण बनाए रखने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी रहे मौजूद

अभियान के शुभारंभ अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. बी.एल. रावत, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की नोडल अधिकारी डॉ. लेखा तंवर, आरएमओ डॉ. सौरव मंडवारिया, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. आशीष वर्मा, शहरी नोडल अधिकारी डॉ. अर्पित यति तथा जिला मीडिया अधिकारी डॉ. एम.एल. कश्यप सहित नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थी, आशा कार्यकर्ता, जिला चिकित्सालय के चिकित्सक एवं नर्सिंग अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Post

इसुज़ु मोटर्स इंडिया ने श्रीसिटी कारखाने में विनिर्माण कार्य के 10 साल पूरे किये, भारत को बताया महत्वपूर्ण बाजार

Wed Oct 28 , 2026
नयी दिल्ली, 28 अक्टूबर (वार्ता) जापान की इसुज़ु मोटर्स लि. की सहायक कंपनी, इसुज़ु मोटर्स इंडिया (आईएमआई) ने आंध्र प्रदेश के श्रीसिटी में स्थित आधुनिक कारखाने में वाहनों के विनिर्माण के 10 साल पूरे होने पर कहा है कि इस प्लांट ने इसुज़ु के घरेलू और विदेशी बाज़ारों के लिए […]

You May Like