ग्वालियर: पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर नवोदय सहयोग संगठन समिति ने सिटी सेंटर स्थित बाजपेई क्लीनिक में श्रद्धांजलि कार्यक्रम एवं निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया। संगठन का उद्देश्य शिक्षा, तकनीकी विकास और युवा सशक्तिकरण के क्षेत्र में राजीव गांधी के योगदान को स्मरण करते हुए समाजसेवा के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि देना रहा।कार्यक्रम की शुरुआत राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई। मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. संदीप बाजपेई मौजूद रहे। इस मौके पर नवोदय सहयोग संगठन समिति के दिलीप नरवरिया, शिवराज गुर्जर, जमील खान, हरेन्द्र निगम, गोपाल सिंह कुशवाह, विक्रम कुशवाह और दिनेश रावत सहित कई सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
नवोदय विद्यालयों की स्थापना को बताया दूरदर्शी पहल
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने भारत को आधुनिक, तकनीकी रूप से सक्षम और ज्ञान आधारित राष्ट्र बनाने की दिशा में अहम पहल की थी। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए स्थापित जवाहर नवोदय विद्यालयों को उनकी दूरदर्शिता का प्रमुख उदाहरण बताया। वक्ताओं के अनुसार, नवोदय परिवार से जुड़े लोगों के लिए यह दिन केवल श्रद्धांजलि का अवसर नहीं, बल्कि शिक्षा, सेवा और राष्ट्र निर्माण के प्रति अपने दायित्व को याद करने का भी अवसर है।
स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने कराई जांच
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के साथ आयोजित स्वास्थ्य शिविर में पहुंचे लाभार्थियों की विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांच की गई और उन्हें चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों, नियमित जांच और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर भी मार्गदर्शन दिया गया। संस्था के सदस्यों ने बताया कि समाज के आम एवं जरूरतमंद नागरिकों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाना उनकी सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा है। समिति समय-समय पर स्वास्थ्य, रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण जैसी जनसेवा गतिविधियां आयोजित करती रही है।
समाजसेवा को निरंतर आगे बढ़ाने का लिया संकल्प कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सदस्यों ने राजीव गांधी के आधुनिक, शिक्षित एवं प्रगतिशील भारत के विचारों से प्रेरणा लेते हुए समाजहित के कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।
