
भोपाल। मंगलवार को पं. खुशीलाल शर्मा आयुर्वेदिक कॉलेज सभागार में भाजपा के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय विजेश लुणावत की स्मृति में ‘प्रिय विजेश यादें शेष’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल और सांसद आलोक शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि विजेश लुणावत ने कम समय में समाज के हर वर्ग के लिए काम करते हुए राजनीति को सेवा का माध्यम बनाया। उनका असमय निधन संगठन और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। वहीं उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने उन्हें चुम्बकीय व्यक्तित्व का धनी बताते हुए कहा कि उनके कार्य आज भी प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में विजेश लुणावत फाउंडेशन द्वारा स्वास्थ्य, ऑर्गन डोनेशन और शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई। बच्चों ने सेवा यात्रा के तहत पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और पेंटिंग प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
इस दौरान फाउंडेशन ने आगामी वर्षों में समाजसेवा के कार्यों को और विस्तार देने का संकल्प भी व्यक्त किया।
