नयी दिल्ली, 21 जून (वार्ता) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग को भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए देश और दुनिया के लोगों को शुभकामनाएं दी है।
उन्होंने रविवार को कहा कि योग स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और संतुलित जीवन का संदेश देता है तथा कांग्रेस हमेशा से योग और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की पक्षधर रही है।
इस मौके पर श्री यादव ने भाजपा सरकार और दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) पर निशाना साधते हुए कहा कि एक तरफ सरकार बड़े पैमाने पर योग दिवस के आयोजन और प्रचार कर रही है, जबकि दूसरी ओर राजधानी के कई पार्क बदहाली, गंदगी और अव्यवस्था का शिकार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अनेक पार्कों में नियमित सफाई नहीं होती, पगडंडियां टूटी हुई हैं, लाइटें खराब पड़ी हैं, हरियाली सूख चुकी है और जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। ऐसे हालात में लोगों को योग, व्यायाम और मॉर्निंग वॉक के लिए उचित वातावरण नहीं मिल रहा।
श्री यादव ने कहा कि योग संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए केवल आयोजन पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि स्वच्छ वातावरण, हरियाली और बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं भी उतनी ही आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार और एमसीडी को प्रचार से आगे बढ़कर जमीनी स्तर पर काम करना चाहिए।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मांग की कि दिल्ली सरकार और एमसीडी राजधानी के सभी पार्कों की सफाई, रखरखाव और सौंदर्यीकरण के लिए तत्काल विशेष अभियान चलाएं। साथ ही यह भी स्पष्ट करें कि पार्कों के रखरखाव पर खर्च होने वाले करोड़ों रुपये का उपयोग कहां और कैसे किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता दिखावे नहीं, बल्कि स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित सार्वजनिक सुविधाएं चाहती है।
