
जबलपुर। कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा की अध्यक्षता में जिला सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था, प्रमुख चौराहों पर सिग्नल लगाने, लेफ्ट टर्न व्यवस्थित करने, ई-रिक्शा के रूट निर्धारण, दुर्घटना संभावित स्थलों, शहपुरा ब्रिज, सिहोरा मार्ग पर (राष्ट्रीय राजमार्ग) जाम, मटर खरीदी के दौरान यातायात प्रबंधन तथा अवैध खनन एवं परिवहन सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। कलेक्टर विश्वकर्मा ने संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों को आवश्यक सुधार कार्य समय-सीमा में पूरा करने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के संबंध में विचार विमर्श किया गया। कलेक्टर ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से बिना नंबर प्लेट के चल रहे वाहनों की जांच करने तथा अवैध खनन एवं परिवहन में लगे वाहनों पर नियमानुसार कठोर कार्यवाही करने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
कलेक्टर विश्वकर्मा ने शहर के प्रमुख चौराहों पर यातायात सिग्नल लगाने, आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग करने तथा लेफ्ट टर्न को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चौराहों पर यातायात के सुचारु संचालन के लिए लेफ्ट टर्न को बाधामुक्त बनाने और दृश्यता में बाधा उत्पन्न करने वाले स्थानों को चिह्नित कर आवश्यक सुधार कराने को कहा, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका कम हो। बैठक में शहर में ई-रिक्शा के रूट निर्धारित करने को लेकर भी चर्चा की गई।
