
रीवा,रीवा आईजी गौरव राजपूत के निर्देश पर विंध्य में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘प्रहार-0.2’ अभियान के तहत मऊगंज जिले की नईगढ़ी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 393 शीशी प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप बरामद की है।
पुलिस ने करीब 13 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है, जबकि तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए।
आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और ड्रग्स कंट्रोल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।
थाना प्रभारी नईगढ़ी गोविंद तिवारी के अनुसार, सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कटरा की ओर से मऊगंज की तरफ ग्रे रंग की कार में अवैध नशीली कफ सिरप लेकर कुछ लोग बिक्री के लिए आ रहे हैं।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उप निरीक्षक गोविंद प्रसाद तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पहिलपार मोड़ के पास वाहन चेकिंग शुरू की।
जांच के दौरान संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी। भागने के दौरान कार सड़क किनारे खंभे से टकराई, इसके बावजूद आरोपी वाहन लेकर ग्राम कोट की ओर भाग निकले। और दहिया नाला के पास आरोपियों ने कार छोड़ दी और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस ने पीछा किया, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आए।
कार की तलाशी लेने पर डिग्गी में रखी दो बोरियों से 393 शीशी नशीली कफ सिरप बरामद हुई,
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओ के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
