तेल अवीव, 28 अक्टूबर (वार्ता) इजरायल की डेमोक्रेट्स पार्टी के अध्यक्ष यायर गोलन ने बुधवार को कहा कि अरब पार्टियों को शामिल करने पर विपक्षी गुट 65 सीटों तक पहुंच गया तथा प्रधानमंत्री बेंजमिन नेतन्याहू का गुट चुनाव हार गया है। श्री गोलन ने बुधवार सुबह लिखा, “नेतन्याहू हार गये। मुझे 120 तक गिनती करना आता है। 65, 55 से अधिक होता है। इजरायल का लोकतंत्र इसी तरह काम करता है। बस, बात खत्म।” उन्होंने आगामी नेसेट चुनावों के बाद सरकार में अरब दलों को शामिल करने की वकालत की। उन्होंने यह भी कहा कि यदि नेतन्याहू जायोनी गुट बनाने पर विचार कर रहे हैं, तो उन्हें अपने ही गठबंधन से गैर-जायोनी हरेदी दलों के 16 सांसदों को घटा देना चाहिए।
श्री गोलन ने कहा, “हमारे पास बहुमत है। हमारी जिम्मेदारी है। हमारे पास इजरायल के अरब नागरिकों के साथ साझेदारी में बदलाव की सरकार बनाने का अवसर है। ऐसी सरकार, जो इजरायल के सभी नागरिकों की सेवा करेगी।” ज्वाइंट लिस्ट के अध्यक्ष एवं अरब नेता यूसुफ जबारीन ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी नेतन्याहू सरकार को सत्ता से हटाने का रास्ता बनाने के लिए तैयार है। उन्होंने एक्स पर लिखा, “खूनखराबे वाली सरकार, वर्चस्ववादी राजनीति, नस्लवाद और बहिष्कार के खिलाफ हम एक बिल्कुल अलग विकल्प पेश करते हैं।”
उन्होंने कहा, “बदलाव यहूदी-अरब साझेदारी के जरिए आएगा। एक वास्तविक और समान साझेदारी। न इससे कम, न इससे ज्यादा।” बाद में आर्मी रेडियो को दिए साक्षात्कार में ज्वाइंट लिस्ट के संसदीय दल के अध्यक्ष और हदाश-ताल के सांसद अहमद तिबी ने विपक्ष के साथ मिलकर सरकार बनाने की इच्छा के संकेत दिये। उन्होंने कहा, “यदि विपक्षी गठबंधन में साहस है, तो वह सरकार बना सकता है। हम हाथ बढ़ा रहे हैं और मदद करने के लिए तैयार हैं।”

