
खंडवा। पंधाना थाना क्षेत्र के कुसुम्बिया गांव से एक सनसनीखेज और खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां एक पत्नी ने अपने अवैध संबंधों के चलते प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति को मौत की नींद सुला दिया। लेकिन पुलिस की मुस्तैदी और एफएसएल टीम की बारीकी ने कातिलों के मंसूबों पर पानी फेर दिया और महज पैरों के निशानों से इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश कर दिया। मंगलवार की रात 28 वर्षीय केदार, पिता कुर्बान, खाना खाकर अपने घर के आंगन में खटिया पर सो रहा था।
बुधवार सुबह परिजनों ने उसे खून से लथपथ मृत अवस्था में पाया। उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से जानलेवा वार किए गए थे। घटना की सूचना मिलते ही पंधाना पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती पूछताछ में पत्नी और परिजनों ने हत्या की जानकारी होने से साफ इनकार कर दिया था।जांच के दौरान पुलिस की नजर घटनास्थल पर मौजूद कुछ पैरों के निशानों पर पड़ गई। पुलिस ने जब बारीकी से इन निशानों का पीछा किया तो वे एक क्रेशर मशीन तक पहुंचे, जिसके बाद पक्की सडक़ आ जाने के कारण निशान मिट गए थे। इन सुरागों को पुख्ता करने के लिए साइबर सेल की मदद ली गई और जांच की दिशा करण, पिता राजू, की तरफ मु? गई। संदेह के आधार पर जब पुलिस ने करण को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। डीएसपी अनिल सिंह चौहान ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मृतक की पत्नी और करण के बीच प्रेम-प्रसंग था। दोनों ने मिलकर केदार को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची थी। इसी योजना के तहत, करण ने रात के अंधेरे में सो रहे केदार के सिर पर लकड़ी से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। कातिल प्रेमी करण और साजिश रचने वाली मृतक की पत्नी, दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है । मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
