
सीधी। अवैध नशे के विरुद्ध पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चल रहे ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत मझौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस महानिरीक्षक रीवा ज़ोन गौरव राजपूत के निर्देशन, उप पुलिस महानिरीक्षक रीवा रेंज हेमंत चौहान के मार्गदर्शन, पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अति. पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं एसडीओपी कुसमी संतोष तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी मझौली उनि विशाल शर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने एक ही दिन में दो कार्रवाई कर कुल 11 किलो 254 ग्राम गांजा जब्त किया।पहली कार्रवाई – ग्राम डीम तिराहा में की गई। मुखबिर सूचना पर घेराबंदी कर आरोपी रामप्रताप सिंह गोंड उम्र 44 वर्ष, निवासी उमरिया (पढ़ान टोला), थाना मझौली को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 5 किलो 35 ग्राम गांजा, कीमत लगभग 55 हजार रुपये बरामद हुआ। पूंछताछ में आरोपी ने गांजा रामजान पटेल निवासी आखेटपुर, थाना ब्यौहारी, जिला शहडोल से खरीदकर बेचना बताया। दूसरी कार्रवाई – सूचना पर रामजान पटेल उम्र 48 वर्ष, निवासी आखेटपुर, थाना ब्यौहारी, जिला शहडोल को मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 18 एमजे 2095 सहित गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 6 किलो 219 ग्राम गांजा, कीमत लगभग 66 हजार रुपये एवं घटना में प्रयुक्त बाइक, कीमत लगभग 40 हजार रुपये जब्त की गई। पूंछताछ में आरोपी ने गांजा *तेजभान शुक्ला निवासी टेवगांव, थाना ब्यौहारी, जिला शहडोल* से खरीदकर सीधी जिले में सप्लाई करना स्वीकार किया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 8/20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर गांजा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। जांच में खुलासा हुआ कि गिरफ्तार आरोपी रामजान पटेल के विरुद्ध पूर्व से भी एनडीपीएस एक्ट के दो आपराधिक प्रकरण थाना जैतपुर, जिला शहडोल में दर्ज हैं। कुल जब्ती 11.254 किलो गांजा और मोटरसाइकिल, कुल कीमत लगभग 1.61 लाख शामिल है। उक्त दोनों एनडीपीएस प्रकरणों में सफल कार्रवाई संपादित करने में थाना प्रभारी मझौली उप निरीक्षक विशाल शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक अरुण सिंह, प्रधान आरक्षक धीरेन्द्र सिंह बागरी, रामनरेश कोल, महिला प्रधान आरक्षक राजकुमारी सिंह, आरक्षक अक्षय तिवारी, बृजकिशोर शुक्ला, आरक्षक चालक अल्ताफ मंसूरी का सराहनीय योगदान रहा।
