
जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में करीब 10 साल बाद प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं दिसंबर में आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। सत्र 2026-27 के स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं समय पर कराने के लिए कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा ने परीक्षा एवं गोपनीय विभाग की समीक्षा बैठक लेकर उत्तर पुस्तिकाओं की उपलब्धता, परीक्षा केंद्रों के निर्धारण, प्रश्नपत्र तैयार करने और समय-सारिणी जारी करने की प्रक्रिया तय समय में पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रभारी कुलसचिव प्रो. एसएस संधु, डीसीडीसी प्रो. राकेश बाजपेयी, परीक्षा नियंत्रक प्रो. एसके दुबे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
आवेदन की समय-सीमा तय
विश्वविद्यालय ने प्रथम सेमेस्टर के विभिन्न पाठ्यक्रमों के परीक्षा आवेदन की तिथियां भी घोषित कर दी हैं। बीए-बीएड, बीएससी-बीएड, बीएएलएलबी, एलएलबी, एलएलएम, बीबीए-एलएलबी, बीकॉम-एलएलबी तथा एमए, एमएसडब्ल्यू, एमएससी और एमकॉम के पात्र परीक्षार्थी एमपी ऑनलाइन के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। सामान्य शुल्क के साथ आवेदन 2 से 11 नवंबर तक भरे जाएंगे। इसके बाद 16 नवंबर तक 100 रुपये और 20 नवंबर तक 750 रुपये विलंब शुल्क के साथ आवेदन का अवसर मिलेगा। विशेष विलंब शुल्क 2,000 रुपये के साथ परीक्षा शुरू होने से सात दिन पहले से एक दिन पूर्व तक आवेदन किया जा सकेगा।
