सतना: जिले के नागौद क्षेत्र में एक युवक ने फंदा लगाकर की आत्महत्या की कोशिश की। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची डायल 112 के स्टाफ ने लोगों की मदद से युवक की जान बचा ली। युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।नागौद थाना क्षेत्र के मानिकपुर के पास मंगलवार दोपहर एक 25 वर्षीय युवक ने अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। स्थानीय लोगों ने परिजनों की मदद से युवक को समय रहते फंदे से नीचे उतारा। सूचना पर पहुंची डायल-112 की टीम ने घायल युवक को जिला अस्पताल सतना पहुंचाकर भर्ती कराया।
पुलिस कंट्रोल रूम भोपाल को 27 अक्टूबर 2026 को दोपहर 1:37 बजे घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद नागौद क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफआरवी-13 को मौके पर रवाना किया गया। आरक्षक ओमप्रकाश तिवारी और पायलट अरविंद रजक ने घटनास्थल पर पहुंचकर युवक और उसके परिजनों को वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। समय पर स्थानीय लोगों और डायल-112 की मदद मिलने से युवक को उपचार उपलब्ध हो सका। घटना के पीछे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
