जबलपुर: अधारताल, संजीवनीनगर और विजय नगर में ठगों ने कहीं निवेश का झांसा देकर, कहीं मोबाइल हैक करके तो कहीं व्यापारिक सौदे के नाम पर कुल 2 लाख 9 हजार रुपये पार कर दिए।जानकारी अनुसार अधारताल थाना अंतर्गत बेथल मिशन स्कूल के सामने रहने वाले किशोर केशवानी (51) से निवेश पर अधिक मुनाफे का झांसा देकर 89 हजार रुपये ठग लिए गए।
रकम पीड़ित के एसबीआई पचपेढ़ी शाखा के खाते से गायब हुई। संजीवनीनगर थाना अंतर्गत साई कालोनी के सिविल इंजीनियर सुधांशु श्रीवास्तव (40) ने इंस्टाग्राम पर विज्ञापन देखकर टीव्ही गर्डन ऐप और हिन्दी प्लस लॉन्चर डाउनलोड किया। इसके बाद अज्ञात आरोपी ने उनके एचडीएफसी बैंक खाते से 95 हजार रुपये उड़ा दिए। विजय नगर थाना अंतर्गत विकास नगर निवासी ड्राईफ्रूट के होलसेल व्यापारी प्रशांत पाण्डे (44) को किसी अज्ञात कॉलर ने सस्ते ड्राईफ्रूट का लालच दिया। पीड़ित ने एडवांस के तौर पर दीपक पात्रा नामक खाते में 25 हजार रुपये ट्रांसफर किए, जिसके बाद आरोपी ने उनका नंबर ब्लॉक कर दिया।
