मोतिहारी सदर अस्पताल में संस्थागत प्रसव में 8.92 प्रतिशत की वृद्धि


मोतिहारी, 27 अक्टूबर (वार्ता) बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के सदर अस्पताल, मोतिहारी में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के तहत संस्थागत प्रसव की संख्या में वृद्धि दर्ज की गई है। अस्पताल के वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 के तुलनात्मक आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल से सितंबर 2026 के दौरान 5,216 संस्थागत प्रसव हुए, जबकि पिछले वर्ष की समान अवधि में यह संख्या 4,789 थी। इस प्रकार संस्थागत प्रसव में 427 की वृद्धि हुई, जो लगभग 8.92 प्रतिशत है।

अस्पताल की रिपोर्ट के अनुसार, अगस्त 2026 में सर्वाधिक 1,234 संस्थागत प्रसव दर्ज किए गए। जुलाई में 977 और सितंबर में 963 प्रसव हुए।इसी अवधि में सिजेरियन प्रसव की संख्या में भी वृद्धि हुई है। अप्रैल से सितंबर 2025 के दौरान अस्पताल में 755 सिजेरियन प्रसव हुए थे, जबकि वर्ष 2026 की समान अवधि में यह संख्या बढ़कर 793 हो गई। इस प्रकार सिजेरियन प्रसव में 38 की वृद्धि दर्ज की गई। अगस्त में सर्वाधिक 182 सिजेरियन प्रसव हुए।

मातृ स्वास्थ्य सेवाओं के साथ अस्पताल में परिवार नियोजन कार्यक्रम भी संचालित किया जा रहा है। अप्रैल से सितंबर 2026 के दौरान 433 अंतराल नसबंदी और 149 प्रसवोत्तर नसबंदी की गईं।संस्थागत प्रसव की संख्या में वृद्धि को अस्पताल में प्रसव सेवाओं के बढ़ते उपयोग के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक गुणवत्ता के आकलन के लिए सुरक्षित प्रसव, नवजात देखभाल तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य परिणामों से संबंधित आंकड़े भी महत्वपूर्ण हैं।

Next Post

अदालत में पेश नहीं की भैंस, मालिक पर केस दर्ज

Tue Oct 27 , 2026
इंदौर: अदालत के बार-बार आदेश के बावजूद भैंस और मोटरसाइकिल पेश नहीं करना मालिक को भारी पड़ गया. बेटमा पुलिस ने ग्राम चटवाड़ा के दिनेश के खिलाफ केस दर्ज किया है. दोनों संपत्तियां एक न्यायालयीन प्रकरण में उसे सुपुर्दगी पर दी गई थीं. आदेश के बावजूद उन्हें पेश नहीं करने […]

You May Like