जबलपुर: लार्डगंज थाना अंतर्गत कछियाना में तीन बेखौफ बदमाशों ने एक युवक पर पहले चाकू से वार किए और फिर पिस्तौल निकालकर उसके पैर में गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दहशत फैलाते हुए हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लार्डगंज थाना प्रभारी नवल सिंह आर्य ने बताया कि तरुण मिर्गे को कछियाना क्षेत्र में तीन शातिर बदमाशों ने घेर लिया और शराब पीने के लिए रुपयों की मांग की। तरुण ने जब बदमाशों को पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो वे विवाद पर उतर आए।
आरोपी ने अपने पास रखे धारदार चाकू से तरुण पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इसके बाद भी जब बदमाशों का मन नहीं भरा, तो एक आरोपी ने कमर से पिस्तौल निकाली और तरुण पर सीधे फायर झोंक दिया। गोली तरुण के घुटने को चीरती हुई निकल गई, जिससे वह खून से लथपथ होकर वहीं जमीन पर गिर पड़ा। तरुण को लहूलुहान करने के बाद भी बदमाशों की गुंडागर्दी खत्म नहीं हुई। कछियाना में अपनी दहशत कायम करने के उद्देश्य से तीनों बदमाशों ने भागते समय हवा में कई राउंड गोलियां दागीं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल तरुण को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
