
सीधी। थाना अमिलिया पुलिस ने चोरी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गए लगभग 90 हजार कीमत के फूल एवं पीतल के बर्तन बरामद करने में सफलता प्राप्त की है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को विधिवत न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। पुलिस के अनुसार फरियादी विमलेश चतुर्वेदी उम्र 39 वर्ष, निवासी ग्राम कोरौली कला ने दिनांक 25 अक्टूबर 2026 को थाना अमिलिया में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके सूने घर में रखी बड़ी पेटी का ताला तोड़कर अज्ञात व्यक्ति फूल एवं पीतल के बर्तन चोरी कर ले गया है। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत लगभग ₹90,000 बताई गई। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना अमिलिया में अपराध क्रमांक 648/2026, धारा 305(ए ), 331(4) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंची पुलिस-
विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन कर साक्ष्य संकलित किए गए। प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर संदेहियों ऋषिकेश पटेल उर्फ लाली उम्र 24 वर्ष एवं सागर वर्मा उम्र 20 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम चमरौहा को दस्तयाब कर पूंछताछ की गई। पूंछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी की घटना में संलिप्तता स्वीकार की।
चोरी गया मशरूका बरामद-
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए फूल एवं पीतल के बर्तन बरामद कर जब्त किए। बरामद सामान में फूल के बटुए, परात, थाली, लोटे, गिलास, कटोरे, कछुल एवं चम्मच सहित अन्य बर्तन शामिल हैं। बरामद मशरूके की कुल कीमत लगभग 90 हजार रुपये है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। उक्त कार्रवाई में थाना अमिलिया पुलिस टीम के प्रधान आरक्षक जयराम सैनी, प्रधान आरक्षक विक्रम सिंह, आरक्षक संदीप चतुर्वेदी एवं आरक्षक रघुराज सिंह की विशेष भूमिका रही।
