पति की मौत के बाद पहली पत्नी ने दूसरी को नवजात समेत घर से निकाला, दहेज भी हड़पा, मामला दर्ज

जबलपुर। अधारताल थाना अंतर्गत रामनगर में एक विधवा महिला को उसके पति के देहांत के बाद, उसकी पहली पत्नी ने नवजात बच्चे समेत मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया। इतना ही नहीं, पीडि़ता का पूरा दहेज का सामान भी ससुराल में बंधक बना लिया गया है। पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रामनगर अधारताल निवासी रूबीना बानो (26) का विवाह वर्ष 2022 में अब्दुल रफीक के साथ सामाजिक रीति-रिवाज और परिजनों की सहमति से हुआ था। निकाह के वक्त रूबीना को अंधेरे में रखा गया और बताया गया कि अब्दुल की पहली पत्नी का तलाक हो चुका है और वह अब साथ नहीं रहती। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन वर्ष 2024 में अब्दुल रफीक का अचानक स्वर्गवास हो गया। उस समय रूबीना चार माह की गर्भवती थीं। पति के निधन के बाद वे प्रसव के लिए अपने मायके चली गईं। मायके में बच्चे को जन्म देने के बाद जब वे अपने कलेजे के टुकड़े को लेकर वापस ससुराल लौटीं, तो वहां अब्दुल की पहली पत्नी मलका बेगम पहले से आकर बैठ चुकी थी। मलका बेगम ने रूबीना और उसके बच्चे को अपनाने से साफ इनकार कर दिया और उसे घर से भगा दिया।

हाई वोल्टेज ड्रामा, हाथापाई, बैग फेंककर निकाला

पीडि़ता रूबीना बानो ने पुलिस को बताया कि वह लगातार अपने और अपने बच्चे के हक के लिए ससुराल जाने का प्रयास कर रही थी, लेकिन मलका बेगम उसे दहलीज पार नहीं करने दे रही थी। दोपहर करीब 2 बजे जब रूबीना हिम्मत जुटाकर अपने ससुराल पहुंची, तो मलका बेगम आगबबूला हो गई। मलका बेगम ने सरेराह अभद्रता शुरू कर दी। जब रूबीना ने विरोध किया, तो आरोपी महिला ने उसके साथ झूमाझपटी की और उसका कपड़ों का बैग सडक़ पर फेंक दिया। पीडि़ता ने आरोप लगाया कि उसका शादी का पूरा दहेज का सामान भी मलका बेगम ने अपने कब्जे में ले रखा है और उसे देने को तैयार नहीं है।

Next Post

सडक़ हादसों में दो की मौत, दो घायल

Fri Oct 23 , 2026
जबलपुर। शहर एवं ग्रामीण अंचल में हुए अलग-अलग सडक़ हादसों में दो युवकों की मौत हो गई जबकि दो घायल हो गए । यह सडक़ हादसे माढ़ोताल, कटंगी, बरगी थाना क्षेत्र में हुए है। माढ़ोताल पुलिस ने बताया कि हेम सिंह 41 वर्ष निवासी ग्राम सुरेहली थाना घुघरी जिला मंडला […]

You May Like