ईरान युद्ध ज्यादा लंबा नहीं चलेगा : ट्रंप

वाशिंगटन, 18 मार्च (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान के साथ जारी युद्ध “ज्यादा लंबा नहीं चलेगा,” लेकिन उन्होंने इसके समाप्त होने की कोई स्पष्ट समयसीमा बताने से इंकार किया है जिससे अमेरिकी रणनीति को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। श्री ट्रंप ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान इस संघर्ष को एक संक्षिप्त “अभियान” बताया और संकेत दिया कि यह “कुछ हफ्तों” में समाप्त हो सकता है, हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया कि वह बीते समय की बात कर रहे थे या आने वाले समय की। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका “अभी हटने के लिए तैयार नहीं” है, लेकिन “बहुत जल्द” वापसी कर सकता है। श्री ट्रंप ने युद्ध के बाद की योजनाओं पर पूछे जाने पर केवल सामान्य रूपरेखा दी और कहा कि अमेरिका

यह सुनिश्चित करना चाहेगा कि संघर्ष के बाद ईरान “ठीक से संचालित” हो। श्री ट्रंप ने वरिष्ठ ईरानी नेताओं की हत्या पर टिप्पणी करते हुए मजाकिया अंदाज में कहा कि इससे कूटनीति जटिल हो गयी है और “हमें नहीं पता कि बातचीत किससे करें।” नाटो को लेकर अपनी आलोचना दोहराते हुए श्री ट्रंप ने सहयोगियों द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा के लिए अमेरिकी नेतृत्व वाले प्रयास का समर्थन न करने पर नाराजगी जताई और यूरोपीय देशों के रुख को “बहुत बड़ी गलती” बताया। उन्होंने ब्रिटेन और फ्रांस का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टारमर “समर्थन नहीं दे रहे हैं, जो एक बड़ी गलती है,” जबकि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के बारे में उन्होंने कहा कि “वह जल्द ही पद छोड़ने वाले हैं।”

अमेरिकी राष्ट्रपति ने इससे पहले संकेत दिया था कि पेरिस और लंदन सहित कुछ अन्य देश अमेरिकी पहल में शामिल हो सकते हैं, लेकिन फ्रांस ने कहा है कि वह नौसैनिक एस्कॉर्ट मिशन पर तभी विचार करेगा जब तेहरान के साथ तनाव कम होगा। वहीं ब्रिटेन ने सैन्य अभियानों में शामिल होने से साफ इनकार कर दिया है, जबकि अन्य एशियाई और यूरोपीय सहयोगी भी सतर्क रुख अपनाए हुए हैं।
इसके विपरीत, श्री ट्रंप ने सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कतर और बहरीन जैसे खाड़ी देशों की रक्षात्मक तैयारियों की सराहना की। इनमें से हालांकि किसी ने भी सार्वजनिक रूप से नौसैनिक मिशन में शामिल होने की प्रतिबद्धता नहीं जताई है।

Next Post

संयुक्त राष्ट्र की कड़ी प्रतिक्रिया: अफगानिस्तान में नशामुक्ति केंद्र पर हमले की जांच की मांग

Wed Mar 18 , 2026
नयी दिल्ली, 18 मार्च (वार्ता) संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त कार्यालय (यूएनएचसीएचआर) ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में एक नशामुक्ति केंद्र पर हुए पाकिस्तानी हवाई हमले की स्वतंत्र और पारदर्शी जांच की मांग की है। इस हमले में करीब 400 लोगों की मौत और 250 के घायल होने की खबर है। […]

You May Like