नयी दिल्ली, 18 मार्च (वार्ता) संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त कार्यालय (यूएनएचसीएचआर) ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में एक नशामुक्ति केंद्र पर हुए पाकिस्तानी हवाई हमले की स्वतंत्र और पारदर्शी जांच की मांग की है। इस हमले में करीब 400 लोगों की मौत और 250 के घायल होने की खबर है। यूएनएचसीएचआर के प्रवक्ता थमीन अल-खीतान ने कहा कि इस घटना की तुरंत, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए और दोषियों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के तहत जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी जोर दिया कि जांच के नतीजे सार्वजनिक किए जाएं और पीड़ितों व उनके परिवारों को मुआवजा मिलना चाहिए।
यूएन ने स्पष्ट किया कि अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून के तहत नागरिकों और नागरिक ठिकानों को विशेष सुरक्षा प्राप्त होती है। युद्ध के दौरान किसी भी हमले में भेद , अनुपात और सावधानी जैसे सिद्धांतों का पालन अनिवार्य है। विशेष रूप से, चिकित्सा सुविधाओं को अतिरिक्त सुरक्षा दी जाती है। इस घटना को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ गई है और आने वाले समय में इस पर और कड़ी प्रतिक्रिया देखने को मिल सकती है। वहीं, संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त वोल्कर तुर्क ने सभी पक्षों से अपील की है कि वे अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार और मानवीय कानूनों का पालन करते हुए नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

