
श्योपुर। विजयपुर थाना क्षेत्र में कार सवार युवकों ने पहले बाइक सवार परिवार को टक्कर मारी, फिर कट्टे के दम पर मारपीट की और महिला के गले से सोने की चेन व मंगलसूत्र झपटकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह रही कि कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीणों को सड़क पर उतरकर जाम लगाना पड़ा।
ग्राम दोर्द निवासी 19 वर्षीय राजेश पुत्र आशाराम रावत ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि सुबह करीब 8:30 बजे वह अपने माता-पिता के साथ मोटरसाइकिल से विजयपुर आ रहा था। वर्दला रोड पर सामने से आ रही कार क्रमांक एमपी 09 बीके 9304 ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों सड़क पर गिर गए और राजेश को हाथ व कंधे में चोटें आईं। हादसे के बाद कार चालक पहले मौके से भाग निकला, लेकिन कुछ ही देर बाद वापस लौटा और वर्ड पेट्रोल पंप के सामने रास्ता रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर मारपीट की गई तथा कट्टा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई। आरोप यह भी है कि जाते-जाते आरोपी राजेश की मां के गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र झपटकर ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया। पकड़े गए युवक के पास से कथित तौर पर तमंचा भी बरामद हुआ, जिसे ग्रामीणों ने पुलिस के हवाले कर दिया।
जब फरियादी इंतजार करता रहा, तब सड़क पर उतर आए ग्रामीण
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल पुलिस की तत्परता को लेकर खड़ा हुआ। ग्रामीणों का आरोप है कि गंभीर आरोपों और हथियार बरामद होने के बावजूद तत्काल प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज लोगों ने विजयपुर के क्वारी नदी पुल पर जाम लगा दिया। जाम के चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस शुरुआती स्तर पर ही सख्ती दिखाती तो शायद जनता को सड़क पर उतरने की जरूरत नहीं पड़ती।
