पटना, 23 मई (वार्ता) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नीट परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए राज्यभर की सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने की घोषणा की है, जिससे उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी संदेश में कहा कि परीक्षा के दिन बिहार की सभी सरकारी बसों में नीट अभ्यर्थी निशुल्क यात्रा कर सकेंगे।
श्री चौधरी ने जिला प्रशासन, मठ-मंदिरों तथा गैर-सरकारी संगठनों से अपील की है कि वे बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य प्रमुख स्थानों पर अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों के लिए पेयजल, सत्तू और अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था में सहयोग करें।
श्री चौधरी ने सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
