
सिवनी। जिले के धूमा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बायपास के समीप सड़क पर बैठे मवेशियों के झुंड को तेज रफ्तार ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में करीब 10 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात सड़क पर कई मवेशी बैठे हुए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से गुजर रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से टक्कर मारने वाले ट्रक को आगे रोक लिया गया, जिसके बाद पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया।
