
भोपाल। राज्यसभा चुनाव को लेकर मध्य प्रदेश में राजनीतिक माहौल लगातार गर्माता जा रहा है। कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पत्र पर भाजपा द्वारा आपत्ति दर्ज किए जाने के बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलनाथ ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी अपने बयान में कमलनाथ ने आरोप लगाया कि भाजपा राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस की सीट हासिल करने के लिए राजनीतिक मर्यादाओं को दरकिनार कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा लगातार ऐसे कदम उठा रही है, जिनका उद्देश्य कांग्रेस को नुकसान पहुंचाना और चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करना है।
कमलनाथ ने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायकों को लेकर जा रही फ्लाइट को जानबूझकर लंबे समय तक उड़ान की अनुमति नहीं दी गई। इसके बाद कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पत्र के खिलाफ आपत्ति दर्ज कराई गई और विधानसभा परिसर में भाजपा नेताओं द्वारा हंगामा भी किया गया।
उन्होंने कहा कि भाजपा के इन प्रयासों से कांग्रेस भयभीत होने वाली नहीं है। कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में है और भाजपा को अपने इन राजनीतिक हथकंडों का जवाब चुनावी परिणामों में मिलेगा। कमलनाथ ने विश्वास जताया कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस अपनी सीट सुरक्षित रखने में सफल रहेगी।
