नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर (वार्ता) तमिलनाडु, पुड्डुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर 19 से 21 अक्टूबर के दौरान अधिक से अत्यधिक बारिश होने का अनुमान है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान सहित उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में 25 अक्टूबर तक मौसम के शुष्क रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने सुबह 8:16 बजे जारी अपने बुलेटिन में बताया कि दक्षिण-पश्चिम अरब सागर के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अगले 24 घंटों के भीतर गहरे दबाव में बदल सकता है। यह मौसमी तंत्र शुरुआत में पूर्व-उत्तर-पूर्व दिशा की ओर बढ़ेगा और फिर अगले दो से तीन दिनों में धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम दिशा में घूमते हुए सोमालिया तट की ओर बढ़ जाएगा। दक्षिण भारत के अन्य हिस्सों में 25 अक्टूबर तक केरल, माहे और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में कुछ स्थानों पर जोरदार बारिश की संभावना है। तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में 19 से 21 अक्टूबर के दौरान भारी बारिश हो सकती है, जबकि लक्षद्वीप में 21 से 23 अक्टूबर के बीच ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है।
तमिलनाडु, पुड्डुचेरी और कराईकल में शुरुआती तीन दिनों की अधिक से अत्यधिक बारिश के बाद भी 22 से 25 अक्टूबर के दौरान कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश का दौर जारी रह सकता है।
तमिलनाडु, पुड्डुचेरी और कराईकल में 19 से 24 अक्टूबर के दौरान गरज-चमक के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे और हवा के झोंके 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंचने का अनुमान है। तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में 19 और 20 अक्टूबर को ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान व्यक्त किया गया है।
मौसम विभाग ने आगाह किया है कि भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण जलभराव, निचले इलाकों में बाढ़ और कुछ स्थानों पर भूस्खलन की स्थिति बन सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है। कच्चे मकानों, खड़ी फसलों और बागवानी को भी नुकसान पहुंच सकता है।
मौसम विभाग ने सलाह दी है, ” सुरक्षित स्थानों पर शरण लें और आकाशीय बिजली गिरने के खतरे को देखते हुए पेड़ों के नीचे आश्रय न लें।”
प्रभावित क्षेत्रों के किसानों को सलाह दी गई है कि वे जल निकासी की नालियों को साफ रखें, कटी हुई फसलों को सुरक्षित करें और बारिश के दौरान उर्वरकों एवं कीटनाशकों का छिड़काव रोक दें।
उत्तर भारत के सात दिनों के पूर्वानुमान के अनुसार 19 से 25 अक्टूबर के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 22 से 25 अक्टूबर तथा उत्तराखंड में 23 से 25 अक्टूबर के बीच कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
बुलेटिन के मुताबिक रविवार सुबह 8:30 बजे से सोमवार सुबह 5:30 बजे के बीच मध्य प्रदेश के गुना में 12 सेमी बारिश दर्ज की गई। वहीं 18 अक्टूबर को गुजरात का राजकोट 39.9 डिग्री सेल्सियस के साथ देश में सबसे गर्म स्थान रहा।

