नयी दिल्ली, 05 अक्टूबर (वार्ता) कूनो राष्ट्रीय उद्यान में भारतीय मूल की मादा चीता के पांच शावकों को जन्म देने के साथ ही देश में चीतों की संख्या 60 हो गई है जिनमें 41का जन्म भारत में हुआ है। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोमवार को सोशल मीडिया एक्स पर यह जानकारी देते हुए बताया कि 32 माह की भारतीय मूल की मादा चीता केजेप21 ने कूनो राष्ट्रीय उद्यान में पांच स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है। उन्होंने कहा कि केजेप21, मुखी और केजीपी12 के बाद पांच शावकों को जन्म देने वाली भारत में जन्मी तीसरी मादा चीता है।
श्री यादव ने कहा कि इन पांच शावकों के जन्म के साथ ही भारत में चीतों की आबादी 60 हो गयी है जिनमें 41 चीते भारत में ही पैदा हुए हैं। इन शावकों के पिता बोत्सवाना के नर चीता हैं और इनके जन्म से भारत में बोत्सवाना की वंशावली की शुरुआत हुई है जिससे देश की बढ़ती चीता आबादी में एक नई आनुवंशिक वंशावली जुड़ी है। उन्होंने परियोजना चीता से जुड़े पशु चिकित्सकों, मैदानी कर्मचारियों, प्रबंधकों और अन्य सभी लोगों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी प्रतिबद्धता और अथक प्रयासों से भारत में चीता पुनर्वास की यह उल्लेखनीय यात्रा आगे बढ़ रही है।

