गाज़ा में कुपोषण से सात और लोगों की मौत

दुबई 31 जुलाई (वार्ता) गाजा पट्टी में पिछले 24 घंटों में कुपोषण से सात और लोगों की मौत हो गई है।

फिलिस्तीनी क्षेत्र में हमास द्वारा संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी है।

बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार मंत्रालय ने बताया कि 2023 में इज़रायल-हमास युद्ध शुरू होने के बाद से कुपोषण से मरने वालों की कुल संख्या अब 154 हो गई जिसमें 89 बच्चे शामिल हैं।

संयुक्त राष्ट्र समर्थित वैश्विक खाद्य सुरक्षा विशेषज्ञों ने मंगलवार को चेतावनी दी कि गाज़ा में अकाल की सबसे खराब स्थिति वर्तमान में चल रही है।

इज़रायल ने कहा है कि वह गाज़ा में आने वाली सहायता पर प्रतिबंध नहीं लगा रहा है , लेकिन उसका ये दावा यूरोप में उसके करीबी सहयोगियों, संयुक्त राष्ट्र और गाज़ा में सक्रिय अन्य एजेंसियों द्वारा स्वीकार नहीं किया गया हैं।

इस बीच अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ गुरुवार को गाजा संकट पर चर्चा करने के लिए इज़रायल की यात्रा पर जायेंगे।

एक अलग घटनाक्रम में गाजा अस्पताल के सूत्रों ने बीबीसी को बताया कि बुधवार सुबह दक्षिणी गाजा के राफा इलाके में गाजा ह्यूमैनिटेरियन फाउंडेशन (जीएचएफ) के सहायता वितरण केंद्र के पास छह फिलिस्तीनी मारे गए।

सूत्रों ने बताया कि भीड़ ने वितरण केंद्र के खुलने से कुछ देर पहले ही उसमें घुसने की कोशिश की थी और एक इज़रायली टैंक ने उन पर हमला कर दिया।

जीएचएफ ने आरोपों का खंडन करते हुए बीबीसी को बताया कि उसके केंद्रों पर या उसके आसपास कोई हत्या नहीं हुई।

इज़रायली रक्षा बल (आईडीएफ) ने भी बीबीसी को बताया कि ”प्रारंभिक समीक्षा से पता चलता है कि हताहतों की संख्या आईडीएफ के पास मौजूद जानकारी से मेल नहीं खाती।”

हमास द्वारा संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को एक बयान में कहा कि पिछले 24 घंटों में 103 लोग मारे गए हैं और मलबे से एक शव बरामद किया गया है।

फिलिस्तीन रेड क्रिसेंट सोसाइटी (पीआरसीएस) ने कल शाम को कहा कि ज़िकिम क्षेत्र में मानवीय सहायता का इंतज़ार कर रहे लोगों से जुड़ी एक घटना के बाद दो अस्पतालों में छह शव पहुँचे हैं।

 

Next Post

कचनी में बलेनो सवार 5 लोगों से मारपीट

Thu Jul 31 , 2025
सिंगरौली:बैढ़न थाना क्षेत्र के कचनी इलाके में बीती रात बलेनो कार सवार पांच लोगों के साथ मारपीट, सभी लोग घायल ट्रामा सेंटर में चल रहा है इलाज, एक ही हालत गंभीर, जिले में रेत उत्खनन कर रही कंपनी के गुर्गों पर मारपीट का आरोप आरोपी फरार Facebook Share on X […]

You May Like