रेखा गुप्ता ने लोक नायक अस्पताल के सखी वन स्टॉप सेंटर का किया निरीक्षण

नयी दिल्ली, 05 अक्टूबर (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को लोक नायक अस्पताल स्थित सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण कर वहां हिंसा से प्रभावित महिलाओं और बच्चियों को उपलब्ध करायी जा रही सेवाओं तथा शिकायतों के निस्तारण की व्यवस्था की समीक्षा की। श्रीमती गुप्ता ने निर्देश दिया कि दिल्ली के सभी सखी वन स्टॉप सेंटरों की विस्तृत मासिक फॉलोअप रिपोर्ट अब मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजी जाये। रिपोर्ट में केवल मामलों की संख्या नहीं, बल्कि पुलिस को दी गयी सूचना, प्राथमिकी की स्थिति, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित महिला को मिली वास्तविक सहायता का विवरण भी शामिल किया जाये।

उन्होंने कहा कि पुलिस से जानकारी मिलने में किसी तरह की देरी होने पर उसे भी रिपोर्ट में दर्ज किया जाये, ताकि ऐसे मामलों को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के समक्ष उठाकर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने पॉक्सो मामलों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि बच्चियों से जुड़े मामलों की जानकारी पूरी गोपनीयता के साथ रखी जाये और प्राथमिकी, पुलिस कार्रवाई, आरोपी की गिरफ्तारी तथा आगे की कानूनी प्रक्रिया की नियमित निगरानी की जाये। उन्होंने काउंसलिंग व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रत्येक मामले की प्रकृति अलग होती है, इसलिए पीड़िता की जरूरत के अनुरूप सहायता उपलब्ध करायी जानी चाहिए। जहां तत्काल पुलिस या कानूनी कार्रवाई जरूरी हो, वहां बिना देरी संबंधित एजेंसियों को सक्रिय किया जाये।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सखी वन स्टॉप सेंटर का उद्देश्य पीड़ित महिलाओं को एक ही छत के नीचे सुरक्षा, चिकित्सा, मनोवैज्ञानिक एवं सामाजिक काउंसलिंग, कानूनी सहायता और पुलिस सहयोग उपलब्ध कराना है। जरूरतमंद महिलाओं को अस्थायी आश्रय, भोजन, कपड़े और अन्य बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने कहा कि किसी महिला का सेंटर तक मदद के लिए पहुंचना अपने आप में एक महत्वपूर्ण कदम है, इसलिए उसे यहां सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल मिलना चाहिए। “पीड़ित महिला को केवल सहायता नहीं, बल्कि सम्मान, सुरक्षा और प्रभावी न्यायिक सहयोग मिलना चाहिए।” मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि जिन महिलाओं को लंबे समय तक आश्रय की जरूरत है, उनके लिए संबंधित शेल्टर होम से समन्वय कर आगे की व्यवस्था की जाये।

.....

Next Post

एनएसयूआई का 'जीवित लाश' प्रदर्शन, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

Mon Oct 5 , 2026
नयी दिल्ली, 05 अक्टूबर (वार्ता) ‘वोट चोरी’ के आरोपों और चुनाव आयोग की जवाबदेही की मांग को लेकर नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) ने सोमवार को जंतर-मंतर पर अनोखा प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने ‘जीवित लाश’ बनकर प्रदर्शन करते हुए कहा कि यदि नागरिकों के वोट और लोकतांत्रिक […]

You May Like