मानसून सत्र से पहले कांग्रेस का बड़ा कदम, जनसंपर्क अभियान चलाकर मांगे जनता के सुझाव

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के 20 से 24 जुलाई 2026 तक प्रस्तावित मानसून सत्र से पहले प्रदेश कांग्रेस ने राज्यव्यापी जनसंपर्क अभियान शुरू करते हुए आम नागरिकों से उनके क्षेत्र और जनहित से जुड़े मुद्दों के सुझाव आमंत्रित किए हैं। पार्टी का कहना है कि विधानसभा में जनता की वास्तविक समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाकर सरकार को जवाबदेह बनाया जाएगा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का सर्वोच्च मंच है, जहां जनता की आवाज़ प्रभावी ढंग से गूंजनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक प्रदेशवासियों से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को तथ्यों और जनभावनाओं के आधार पर सदन में मजबूती से उठाएंगे।

उन्होंने बताया कि किसानों की समस्याएं, युवाओं में बढ़ती बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा, शासकीय कर्मचारियों के मुद्दे, शिक्षा, स्वास्थ्य, आदिवासी, दलित, अन्य पिछड़ा वर्ग, व्यापारी, श्रमिक तथा समाज के अन्य वर्गों से जुड़े विषय कांग्रेस की प्राथमिकता रहेंगे।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार द्वारा शुरू किए गए विशेष जनभागीदारी अभियान के तहत नागरिक अपने क्षेत्र की समस्याएं और जनहित के मुद्दे व्हाट्सएप तथा ईमेल के माध्यम से भेज सकते हैं। इन सुझावों के आधार पर विधानसभा सत्र में जनसरोकार के विषयों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

जीतू पटवारी ने अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य जनता और विधानसभा के बीच सार्थक संवाद स्थापित करना तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को और अधिक मजबूत बनाना है। कांग्रेस का दावा है कि यह पहल आम नागरिकों की आवाज़ को सीधे विधानसभा तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

 

 

Next Post

मप्र पुलिस का बड़ा एक्शन: सेफ क्लिक 2.0 के जरिए हर जिले और रेल यात्रियों तक पहुंचा साइबर सुरक्षा का पाठ

Mon Jul 6 , 2026
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस का राज्यव्यापी साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान ‘सेफ क्लिक 2.0’ अब महज एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा व्यापक सामाजिक आंदोलन बनता जा रहा है। पुलिस ने शहरों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक नवाचारपूर्ण गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति […]

You May Like