जबलपुर: माढ़ोताल थाना अंतर्गत मां रेवा कॉलोनी मोड़ पर बीती रात सब्जी लेकर घर लौट रहे सिंचाई विभाग के एक सेवानिवृत्त कर्मचारी को बाइक सवार तीन बदमाशों ने रास्ते में घेर लिया और डरा-धमकाकर उनका मोबाइल, पहचान पत्र और नगदी छीनकर रफूचक्कर हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक करमेता निवासी मुन्नालाल पटेल (66) सिंचाई विभाग से सेवानिवृत्त हैं।
वह बीती रात बाजार से फल और सब्जी खरीदकर पैदल अपने घर लौट रहे थे। रात करीब 9:15 बजे जैसे ही वह मां रेवा कॉलोनी मोड़ के पास पहुंचे, तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन लड़के वहां आए और उनका रास्ता रोक लिया। बुजुर्ग मुन्नालाल कुछ समझ पाते, इससे पहले ही बाइक पर पीछे बैठे दो लड़के नीचे उतरे और उन्होंने बुजुर्ग को पकड़कर बंधक बना लिया।
इसके बाद बदमाशों ने उनके फुल पैंट की जेब में हाथ डालकर सैमसंग कंपनी का एक मोबाइल फोन लूट लिया। बदमाशों ने जेब में रखी वह छोटी डायरी भी निकाल ली जिसमें उनका आईकार्ड और पहचान पत्र रखा हुआ था। डायरी के साथ ही बदमाशों ने जेब में रखे 1,150 रुपये नगद भी छीन लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश चुंगी नाका की तरफ तेजी से भाग निकले। पुलिस चुंगी नाका और मां रेवा कॉलोनी रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की बाइक का नंबर और उनका सुराग लगाया जा सके।
