इंदौर: चंदन नगर के ग्रीन पार्क क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर एक्टिवा सवार युवक पर गोली चलाने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. साथ ही एक नाबालिग को भी संरक्षण में लिया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस, काली थार और एक्टिवा जब्त की है.
घटना 1 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे की है. मोहम्मद समीर खान अपने साथी के साथ एक्टिवा से ग्रीन पार्क कॉलोनी में डॉक्टर फारूखी के मकान के सामने से गुजर रहा था. इसी दौरान आरोपियों ने उसका पीछा कर उसे रोक लिया. आरोप है कि विवाद के बाद उसे जान से मारने की धमकी दी गई और मोनू उर्फ मुसेफ ने पिस्टल से उसकी ओर फायर कर दिया. समीर की शिकायत पर चंदन नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की. पुलिस टीम ने घटना के बाद आसपास के इलाकों में तलाश के साथ तकनीकी जानकारी जुटाई.
‘फाइव स्टार’ और ‘अल्फाइज’ सहित तीन को दबोचा
जानकारी जुटाने के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंची और घटना के कुछ घंटों में मोनू उर्फ मुसेफ, दानिश उर्फ फाइव स्टार और अल्फाइज को पकड़ लिया. इनके साथ मौजूद एक नाबालिग को भी संरक्षण में लिया. पूछताछ और जांच के दौरान मोनू के कब्जे से देशी पिस्टल और जिंदा राउंड, दानिश से काली थार और अल्फाइज से घटना में इस्तेमाल एक्टिवा बरामद हुई. घटनास्थल से फायर किया हुआ खाली खोखा भी पुलिस ने जब्त किया है. पुलिस अब हथियार के स्रोत और घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की जांच कर रही है.
तीनों आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं अपराध
चंदन नगर थाना प्रभारी तिलक कारोले के अनुसार, मोनू के खिलाफ पहले से छह, दानिश के खिलाफ चार और अल्फाइज के खिलाफ एक अपराध दर्ज है. तीनों के खिलाफ पूर्व में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर बाउंड ओवर भी किया जा चुका है.
