इलेक्ट्रिक मोबिलिटी सरकार का फोकस क्षेत्र : वैष्णव

नयी दिल्ली 08 मार्च (वार्ता) केन्द्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को कहा कि इलेक्ट्रिक मोबिलिटी सरकार के लिए एक फोकस क्षेत्र बना हुआ है और इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) के प्रचार और अपनाने के लिए सही बुनियादी ढाँचा और पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

श्री वैष्णव ने तेलंगाना के महबूबनगर जिले के दिवितिपल्ली में इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्लस्टर में चार विनिर्माण इकाइयों की आधारशिला रखी। उन्होंने इस दौरान अमरा राजा कंपनी की गीगा फैक्ट्री-1 के लिए आधारशिला रखी। लोहुम कंपनी के महत्वपूर्ण खनिजों के शोधन और बैटरी रीसाइक्लिंग के लिए भूमिपूजन किया। सेल एनर्जी के सेल केसिंग निर्माण के लिए भूमिपूजन किया और अल्टमिन की पहली एलएफपी-सीएएम गीगा फैक्ट्री की आधारशिला रखी।

इस अवसर पर उन्होंने कहा, “ हम भारतीय नवाचार और विनिर्माण पहल का स्वागत करते हैं और इस प्रयास की सफलता की आशा करते हैं।”

उन्होंने कहा कि देश में इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने और इसकी आपूर्ति श्रृंखला के साथ-साथ ईवी विनिर्माण को बढ़ावा देने के अपने उद्देश्य के हिस्से के रूप में इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय ने संशोधित इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्लस्टर योजना को अधिसूचित किया, जिसके तहत इसने पिछले साल तेलंगाना के महबूबनगर जिले के दिविपल्ली गांव में 377.65 एकड़ क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्लस्टर परियोजना की स्थापना के लिए मंजूरी दी थी।

अमारा राजा एडवांस्ड सेल टेक्नोलॉजीज एंकर यूनिट के रूप में कार्य कर रही है और 5 वर्षों में 9,500 करोड़ रुपये के अनुमानित निवेश के साथ इस ईएमसी में 16 गीगावॉट सेल विनिर्माण और 5 गीगावॉट बैटरी पैक प्लांट के साथ 262 एकड़ भूमि पर अपनी गीगा फैक्ट्री स्थापित कर रही है। इसके चालू होने के बाद, अमारा राजा गीगा कॉरिडोर से राज्य में 4,500 लोगों के लिए प्रत्यक्ष रोजगार और इतनी ही संख्या में अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की उम्मीद है, जो क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्लस्टर 4 कंपनियों (यानी अमारा राजा, अल्टमिन, लोहाम मैटेरियल और स्केल एनर्जी) को 307.47 एकड़ भूमि आवंटित की गई है, जिसमें 10,574 करोड़ रुपये का अनुमानित निवेश होगा और 19,164 (प्रत्यक्ष- 5,864 और अप्रत्यक्ष-13,300) व्यक्तियों को रोजगार प्रदान करने की प्रतिबद्धता है।

अमरा राजा एनर्जी एंड मोबिलिटी लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक जयदेव गल्ला ने कहा, “ शिलान्यास समारोह हमारी कंपनी और समूह के लिए एक बड़ा कदम है। हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार और माननीय मंत्री अश्विनी वैष्णव के सक्रिय और उद्योग समर्थक होने के लिए आभारी हैं।”

Next Post

बैंकिंग क्षेत्र को बदलते परिदृश्य के बीच नवाचार जारी रखना चाहिए: सीतारमण

Sat Mar 8 , 2025
मुंबई, 08 मार्च (वार्ता) वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को कहा कि बैंकिंग क्षेत्र को बदलते वैश्विक परिदृश्य के बीच नवाचार और नेतृत्व करना जारी रखना चाहिए। श्रीमती सीतारमण ने यहां देश के सबसे बड़े वाणिज्यिक बैंक भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के स्थापना दिवस के प्लेटिनम जुबली समारोह में […]

You May Like