नयी दिल्ली, 21 सितंबर (वार्ता) सैमसंग इंडिया ने सोमवार को अपनी गैलेक्सी एस26 सीरीज के नये स्मार्टफोन गैलेक्सी एस26 एफई की बिक्री शुरू होने की घोषणा की।
इसकी कीमत 79,999 रुपये रखी गई है। कंपनी ने इसे पिस्ताचियो, ब्लूबेरी और ग्रेफाइट रंगों में पेश किया है। ग्राहक पुराना फोन एक्सचेंज करने पर 8,000 रुपये तक का अपग्रेड बोनस भी पा सकते हैं। चुनिंदा एनबीएफसी पार्टनर के जरिये किस्त के विकल्प भी दिए गए हैं जिन पर ग्राहकों को 3,000 रुपये का अतिरिक्त अपग्रेड बोनस मिल सकता है।
गैलेक्सी एस26 एफई में 6.7-इंच का बड़ा डायनैमिक एमोलेड 2एक्स डिस्प्ले मिलता है। इसमें एक्सीनॉस 2500 प्रोसेसर है। इसकी बैटरी 4,900एमएएच की है। पानी और धूल से बचाव के लिए आईपी68 रेटिंग दी गई है।
इसमें ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है, जिसमें 50 मेगा पिक्सल का वाइड कैमरा, 12 मेगा पिक्स का अल्ट्रा-वाइड कैमरा और 3एक्स ऑप्टिकल ज़ूम वाला आठ मेगा पिक्सल का टेलीफोटो कैमरा शामिल है। सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए 12 मेगा पिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है।
चलते-फिरते सब्जेक्ट्स और ट्रेवल वीडियो के लिए सुपर स्टिडी विद हॉरिजॉन्टल लॉक फीचर दिया गया है जो ज्यादा स्मूद और स्थिर फुटेज शूट करने में मदद करता है। सैमसंग की नाइटोग्राफी तकनीक कम रोशनी में भी ज्यादा ब्राइट और साफ फोटो लेने में मदद करती है। जेमिनी ओम्नी की मदद से यूजर अपनी गैलरी में मौजूद फोटो और वीडियो से वीडियो क्लिप्स बना और एडिट कर सकते हैं। पात्र ग्राहकों को गूगल एआई प्रो (1) का छह महीने का फ्री ट्रायल भी मिलता है, जिसमें एडवांस एआई फीचर्स और पांच टीबी क्लाउड स्टोरेज शामिल है।
इसे रोजमर्रा के कामों, एआई फीचर्स और हैवी ऐप्स को आसानी से चलाने के लिए डिजाइन किया गया है।
