हमलावरों ने जीजा-साले पर की फायरिंग, दोनों की हालत गंभीर

 

सीधी । जिले के जमोड़ी थाना क्षेत्र में सोमवार रात करीब 10 बजे दो बाइक सवार युवकों को हमलावरों ने गोली मार दी। दोनों के गर्दन में गोली लगी है। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के पश्चात तत्काल संजय गांधी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रीवा रेफर किया गया , जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। घायल युवकों की पहचान मानिक यादव निवासी ग्राम सपनी दुआरी और उसके साले रजनीश यादव निवासी ग्राम पड़खुरी नंबर-1 के रूप में हुई है। दोनों धनखोरी से सपनी दुआरी लौट रहे थे। गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर पहले जब वे एक सुनसान रास्ते से गुजर रहे थे, तभी पीछे से आई एक कार रुक गई और उसमें से दो अज्ञात व्यक्ति उतरे। कुल पांच राउंड फायर किए गए, जिनमें से तीन गोलियां युवकों को लगीं और दो मिस फायर हो गईं। घटनास्थल से पुलिस को तीन खाली खोखे भी बरामद हुए हैं। गोली लगने से दोनों युवक मौके पर ही गिर पड़े और हमलावर कार समेत फरार हो गए। अस्पताल में घायल रजनीश यादव ने बताया कि हमलावर काले रंग की कार से आए थे। उन्होंने बाइक रोकने का इशारा किया। बाइक रोकने के बाद उसने मोबाइल निकाला। लॉक खोलने के दौरान गोली की आवाज आई। मै गिर पड़ा, इसके बाद मुझे कुछ दिखाई नहीं दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद संजय गांधी अस्पताल रीवा भेजा गया। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की हालत गंभीर है और वे फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं हैं। पीड़ितों के रिश्ते के भाई मुन्ना यादव ने बताया कि मानिक और रजनीश का किसी से कोई पूर्व विवाद नहीं था। उन्हें हमले का कारण समझ नहीं आ रहा है। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई।

इनका कहना है-

घटना की सूचना रात में मिली थी। पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए रीवा भेजा गया। घटना स्थल सुनसान और जंगल क्षेत्र में होने के कारण वहां कोई सीसीटीवी कैमरा या वाहन की जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी है। फिलहाल पुलिस अन्य साक्ष्यों और सर्विलांस के माध्यम से जांच कर रही है। जैसे ही घायलों को होश आएगा, उनके बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, थाना प्रभारी जमोड़ी

Next Post

मौसम ने बदली करवट: शाजापुर और मोहन बड़ोदिया क्षेत्र में जबरदस्त ओलावृष्टि, किसानों की बढ़ी चिंता

Tue Jan 27 , 2026
शाजापुर। जिले में मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह हल्की बारिश के बाद शाम 5:30 बजे तेज आंधी-तूफान के साथ जमकर ओलावृष्टि हुई, जिससे शहरी हाईवे पर सड़क सफेद नजर आई और आवागमन प्रभावित हुआ। मोहन बड़ोदिया क्षेत्र के बरनावद, निपानिया सहित कई गांवों में भारी ओलों से […]

You May Like

मनोरंजन