नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (वार्ता) आम आदमी पार्टी (आप) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को 270 फीट लंबे तिरंगे के साथ नॉर्थ एवेन्यू से राष्ट्रपति भवन तक पैदल मार्च निकाला।
आप का दावा है कि भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद कार्यकर्ताओं ने तिरंगा लेकर मार्च किया और वापस नॉर्थ एवेन्यू पहुंचकर इसका समापन किया। इस दौरान भारद्वाज के साथ विधायक संजीव झा और कुलदीप कुमार समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
श्री भारद्वाज ने कहा कि देश के नागरिकों को अपने तिरंगे के प्रति सम्मान व्यक्त करने और शांतिपूर्ण तरीके से उसे फहराने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि देश के स्वतंत्रता सेनानियों ने अंग्रेजों से आजादी इसलिए हासिल की थी, ताकि भारतीय अपने देश में कहीं भी तिरंगा फहरा सकें। उन्होंने सवाल किया कि जब सरकार लोगों से थालियां बजाने और दीपक जलाने की अपील करती है, तो आम नागरिकों के शांतिपूर्ण कार्यक्रम पर आपत्ति क्यों होनी चाहिए। उनके अनुसार, कोई भी सरकार या पुलिस नागरिकों को तिरंगा फहराने से नहीं रोक सकती।
आप नेता ने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं के तिरंगा फहराने के कार्यक्रम को रोकने के लिए प्रतिबंध लगा रही है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर सरकार की ओर से अदालत का रुख किये जाने के बावजूद तिरंगा फहराने को लेकर आपत्ति समझ से परे है।
बुराड़ी से विधायक संजीव झा ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है और इसे फहराने से शांति भंग नहीं होती। उन्होंने सवाल किया कि कुछ लोगों को तिरंगे से परेशानी क्यों होनी चाहिए। वहीं, कोंडली से विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि तिरंगा फहराना नागरिकों का संवैधानिक अधिकार है और देश युवाओं, किसानों, महिलाओं तथा सभी नागरिकों का है।
