मुंबई, 14 अक्टूबर (वार्ता) बैंकिंग, वित्त और ऑटो कंपनियों के दबाव में घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को बिकवाली देखी गई और शुरुआती उतार-चढ़ाव के बाद प्रमुख सूचकांक लाल निशान में बंद हुए।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 251.89 अंक (0.34 प्रतिशत) टूटकर 72,781.89 अंक पर बंद हुआ। इससे पहले बाजार में काफी उतार-चढ़ाव देखा गया। सेंसेक्स ऊपर 73,195 अंक और नीचे 72,579 अंक तक गया।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 99.25 अंक यानी 0.44 प्रतिशत गिरकर 22,622.70 अंक पर रहा। पिछले कारोबारी दिवस पर दोनों प्रमुख सूचकांकों में डेढ़ फीसदी से अधिक की जबरदस्त तेजी रही थी।
वृहत बाजार में अधिकतर सूचकांक लाल निशान में रहे। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.05 प्रतिशत ऊपर रहा। स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.29 प्रतिशत फिसल गया। बैंकिंग, वित्त, फार्मा, ऑटो, स्वास्थ्य, रियल्टी और सीमेंट समूहों में बिकवाली हावी रही। आईटी, एफएमसीजी, तेल एवं गैस और मीडिया समूहों में लिवाली का जोर रहा।
एनएसई में कुल 3,667 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें से 2,023 के शेयरों में तेजी और 1,536 में गिरावट रही। अन्य 108 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित रहे।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 19 के शेयर लाल निशान में रहे। बजाज फाइनेंस का शेयर 2.55 प्रतिशत और महिंद्रा एंड महिंद्रा का 2.24 प्रतिशत गिर गया। बजाज फिनसर्व में 1.99 फीसदी, इटरनल में 1.68, आईसीआईसीआई बैंक में 1.54, इंडिगो में 1.50, सन फार्मा में 1.14, एलएंडटी में 1.06 और अडानी पोर्ट्स में 0.96 प्रतिशत की गिरावट रही। टाइटन, ट्रेंट, एशियन पेंट्स, एचडीएफसी बैंक, मारुति सुजुकी, भारती एयरटेल, एक्सिस बैंक और पावरग्रिड के शेयर भी लाल निशान में रहे।
इंफोसिस का शेयर 2.51 फीसदी और टेक महिंद्रा का 2.20 प्रतिशत चढ़ा। टीसीएस का शेयर 1.54 फीसदी, हिंदुस्तान यूनीलिवर का 1.15 फीसदी की बढ़त में बंद हुआ। एनटीपीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, बीईएल और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर भी हरे निशान में रहे।
वैश्विक स्तर पर एशिया में चीन का शंघाई कंपोजिट 0.88 प्रतिशत, हांगकांग का हैंग सेंग 0.13 प्रतिशत और जापान का निक्केई 0.05 प्रतिशत लुढ़क गया। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.48 फीसदी और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.29 प्रतिशत ऊपर था।

