सीतारमण आईएमएफ-विश्व बैंक की बैठक में शामिल होने के लिए 14-18 अक्टूबर तक थाईलैंड की यात्रा पर

सीतारमण आईएमएफ-विश्व बैंक की बैठक में शामिल होने के लिए 14-18 अक्टूबर तक थाईलैंड की यात्रा पर

नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (वार्ता) केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) और विश्व बैंक की वार्षिक बैठक में भाग लेने तथा अन्य कार्यक्रमों के लिए 14 से 18 अक्टूबर तक थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगी। वित्त मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि इस यात्रा के दौरान श्रीमती सीतारमण जी-20 और जी-7 के वित्त मंत्रियों एवं केंद्रीय बैंक गवर्नरों की बैठकों में भी भाग लेंगी। उनका वैश्विक आर्थिक एवं वित्तीय मुद्दों पर आयोजित विभिन्न बहुपक्षीय बैठकों और चर्चाओं में हिस्सा लेने का भी कार्यक्रम है। इनमें वर्तमान आर्थिक घटनाक्रम और वित्तीय क्षेत्र से जुड़े विषय शामिल होंगे।

वित्त मंत्री की थाईलैंड के उपप्रधानमंत्री एवं वित्त मंत्री एक्निति नितिथनप्रापास तथा स्विट्जरलैंड, जापान, लक्ज़मबर्ग, भूटान और कुरासाओ के वित्त मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी निर्धारित हैं। इसके अतिरिक्त, वह आईएमएफ की प्रबंध निदेशक क्रिस्टेलिना जॉर्जीवा और जापान बैंक फॉर इंटरनेशनल कोऑपरेशन के गवर्नर से भी मुलाकात करेंगी। मंत्रिस्तरीय बैठकों के अलावा, श्रीमती सीतारमण वैश्विक नीति-निर्माताओं, वित्तीय संस्थानों और अन्य हितधारकों से जुड़े विभिन्न आयोजनों एवं चर्चाओं में भाग लेंगी।

इन बैठकों और कार्यक्रमों के माध्यम से भारत के आर्थिक प्रदर्शन, सुधार संबंधी प्राथमिकताओं और निवेश के अवसरों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। साथ ही, वैश्विक अर्थव्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ संवाद और सहयोग को भी मजबूती मिलेगी। यह यात्रा बहुपक्षीय संस्थानों के साथ भारत की सक्रिय भागीदारी और वैश्विक आर्थिक एवं वित्तीय चुनौतियों के समाधान के लिए रचनात्मक अंतरराष्ट्रीय सहयोग के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।

.....

Next Post

युवा कांग्रेस का 'जंतर-मंतर वापस लाओ' मार्च, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग

Wed Oct 14 , 2026
नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (वार्ता) भारतीय युवा कांग्रेस ने बुधवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में ‘जंतर-मंतर वापस लाओ’ अभियान के तहत पटेल चौक मेट्रो स्टेशन से जंतर-मंतर की ओर विरोध मार्च निकाला। संगठन ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे और कांग्रेस कार्यकर्ताओं तथा […]

You May Like

Play sound