रक्षा सचिव सोमवार से चार दिन के साइप्रस और यूनान के दौरे पर

नयी दिल्ली 10 अक्टूबर (वार्ता) रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह सोमवार से चार दिन की साइप्रस और यूनान की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे।
रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि इस दौरान दोनों देशों के साथ समुद्री सुरक्षा और रक्षा उद्योग के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी। यह दौरा यूरोपीय संघ के साझेदार देशों के साथ भारत के रक्षा और रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में अहम है।
रक्षा सचिव 12 और 13 अक्टूबर को साइप्रस में रहेंगे। इस दौरान वह वहां के रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों से मुलाकात करेंगे और साइप्रस के नेतृत्व से भी मिलेंगे। मई 2026 में साइप्रस के राष्ट्रपति के भारत दौरे के बाद दोनों देशों के रणनीतिक संबंधों को और गति मिली है। इस दौरे में खास तौर पर समुद्री क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर जोर रहेगा।
यात्रा के दूसरे चरण में श्री सिंह यूनान के वरिष्ठ रक्षा और सैन्य अधिकारियों से बातचीत करेंगे। यूनान के राष्ट्रीय रक्षा मंत्री ने इसी वर्ष फरवरी में भारत का दौरा किया था और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ बातचीत की थी। दोनों देशों के बीच उच्च स्तर पर हो रही ये मुलाकातें रक्षा और रणनीतिक सहयोग में बढ़ते संबंधों को दिखाती हैं।
भारत और यूरोपीय संघ के बीच सुरक्षा और रक्षा साझेदारी पर अहम समझौते पर हस्ताक्षर के बाद यह दौरा और महत्वपूर्ण हो गया है। भारत यूरोपीय संघ के साझेदार देशों के साथ रक्षा और रणनीतिक सहयोग को और मजबूत करना चाहता है।

.....

Next Post

सेवा के रंग–राष्ट्र के संग गतिविधि के तहत खेल परिसर आलीराजपुर में हुआ भव्य आयोजन

Sat Oct 10 , 2026
आलीराजपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा के रंग–राष्ट्र के संग गतिविधि के तहत खेल परिसर आलीराजपुर में विशाल ह्यूमन रंगोली का निर्माण किया गया। कैबिनेट मंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती संपतिया उईके तथा अनुसूचित जाति कल्याण विभाग के मंत्री श्री नागर सिंह चौहान […]

You May Like

Play sound