इंदौर:जीएनटी मार्केट स्थित एक लकड़ी के पीठे में देर रात अचानक भीषण आग लग गई. सूखे बुरादे और लकड़ियों के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया, जिससे पूरे मार्केट क्षेत्र में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग को और फैलने से रोका.फायर ब्रिगेड के मुताबिक, आग लगने की सूचना रात करीब 11 बजे मिली. आग जाकिर पिता साहिल अहमद के लकड़ी के पीठे में लगी थी.
प्रारंभिक जांच में आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट-सर्किट माना जा रहा है. देखते ही देखते आग ने वहां रखी जलाऊ लकड़ी और भारी मात्रा में रखे बुरादे को अपनी चपेट में ले लिया. सूचना मिलते ही दमकल की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. टीम ने करीब दो हजार लीटर पानी की मदद से एक घंटे तक कड़ी मशक्कत की, तब कहीं जाकर आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका. आगजनी में पीठे में रखी जलाऊ लकड़ी, बुरादा और अन्य कीमती सामान जलकर खाक हो गया.
चूंकि जीएनटी मार्केट में लकड़ियों का बड़ा भंडार रहता है, इसलिए आग की खबर मिलते ही अन्य पीठा संचालकों और व्यवसायियों में हड़कंप मच गया. बड़ी संख्या में व्यापारी मौके पर पहुंच गए थे, उन्हें डर था कि कहीं आग पास के अन्य पीठों को अपनी चपेट में न ले ले. गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई.
