
जबलपुर। सिहोरा थाना अंतर्गत ग्राम भिटोनी में पानी का पाइप काटने का विरोध करने पर एक सिरफिरे पड़ोसी ने युवक पर अपने पालतू कुत्ते से हमला करवा दिया। कुत्ते के हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पड़ोसी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक भिटोनी निवासी पंकज पाल (24) ने रात करीब 8:30 बजे देखा कि उसके घर की जलापूर्ति करने वाला पानी का पाइप कटा हुआ है, तो वह इसकी वजह जानने पड़ोस में रहने वाले विजय गड़ारी के पास गया। पंकज ने जब विजय से पाइप काटने का कारण पूछा, तो आरोपी विजय आगबबूला हो गया और विवाद करने लगा। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी विजय गड़ारी ने पंकज को सबक सिखाने की नीयत से अपने खूंखार पालतू कुत्ते को उसकी तरफ छोड़ दिया। आरोपी ने जैसे ही कुत्ते को छू कहकर उकसाया, कुत्ते ने पंकज पर हमला कर दिया और उसके दाहिने पैर की जांघ पर बुरी तरह काट लिया। चीख-पुकार सुनकर पंकज के भतीजे यशवंत पाल और भाभी सुनीता पाल तुरंत मौके पर दौड़े और उन्होंने बीच-बीच बचाव कर पंकज को कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया। घटना के बाद खून से लथपथ पंकज पाल अपने भाई हेमंत श्रीपाल के साथ तत्काल थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई।
