बलूचिस्तान विस्फोट में सेना के मेजर समेत तीन सैनिक मारे गये, जवाबी हमले में चार आतंकवादी ढेर

इस्लामाबाद 07 अगस्त (वार्ता) पाकिस्तान के उपद्रवग्रस्त बलूचिस्तान के मस्तुंग ज़िले में सेना की एक गाड़ी को बम से निशाना बना गया। हमले में तीन सैनिक मारे गए और सेना की जवाबी कार्यवाही में चार आतंकवादी ढेर हो गये।

पाकिस्तानी सेना ने बुधवार देर रात यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मारे गए जवानों में सेना का मेजर रैंक का अधिकारी भी शामिल है। पाकिस्तान की इंटर-सर्विस पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने एक बयान में कहा कि बुधवार देर रात सुरक्षा बलों के एक वाहन को निशाना बनाया गया। इस हमले में एक मेजर, एक नायक और एक लांसनायक मारे गए। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने एक बयान में इस हमले की निंदा करते हुए सेना की सराहना की।

गौरतलब है कि बलूचिस्तान, पाकिस्तान का सीमांत प्रांत है और इसकी सीमाएं अफगानिस्तान और ईरान की सीमा से लगी हुई हैं। यह इलाका अपनी खनिज संपदा और चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (सीपीईसी) के लिए एक पारगमन केंद्र के रूप में अपनी भूमिका के रण रणनीतिक रूप से महत्त्वपूर्ण है लेकिन पाकिस्तान में बलूचिस्तान के लोगों से दोयम दर्जे का व्यवहार होने के कारण वहां अलगाववादी आंदोलन लंबे समय से चल रहा है। ये लोग एक अलग देश बलूचिस्तान बनाने के लिए प्रयासरत हैं और पाकिस्तान सरकार पूरी ताकत से इस आंदोलन के दमन में जुटी रहती है।

बलूचिस्तान में लंबे समय से अलगाववादी सशस्त्र विद्रोह भी कर रहे हैं। इसमें प्रमुख समूह बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) का है। इस संगठन ने हाल के वर्षों में अपनी गतिविधियां तेज की हैं।

गौरतलब है कि इस साल बलूचिस्तान में कई बड़े आतंकवादी हमले हुए हैं। मार्च में बीएलए ने एक यात्री ट्रेन का अपहरण कर लिया था और मई में, खुजदार में एक आत्मघाती बम विस्फोट में स्कूल बस को निशाना बनाया। इसमें कई बच्चों की मौत हो गई थी।

 

 

Next Post

ट्रम्प की आयातित अर्धचालकों पर 100 प्रतिशत सीमा शुल्क लगाने की योजना

Thu Aug 7 , 2025
वाशिंगटन, 07 अगस्त (वार्ता/शिन्हुआ) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि वह आयातित अर्धचालकों पर 100 प्रतिशत टैरिफ लगाने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने व्हाइट हाउस में बुधवार को संवाददाताओं से कहा “ हम चिप्स और अर्धचालकों पर लगभग 100 प्रतिशत टैरिफ लगाएंगे लेकिन अगर आप अमेरिका में इसका […]

You May Like