भोपाल। नवरात्रि के अवसर पर भोपाल में गरबा नाइट्स को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है। शहरभर में आयोजक गरबा महोत्सव की तैयारियों में जुटे हैं। इसी कड़ी में कोलार स्थित श्री राधाकृष्ण मैरिज गार्डन में 15 और 16 अक्टूबर को ‘कोलार गरबा महोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। इस बार आयोजन में सुरक्षा, फैमिली फ्रेंडली माहौल और गुजराती संस्कृति पर खास ध्यान दिया गया है।
आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। वैध पास के बिना किसी को भी प्रवेश नहीं मिलेगा और परिसर में बाउंसर तैनात रहेंगे। इसके अलावा दर्शकों के बैठने, पार्किंग और फूड स्टॉल्स की भी व्यवस्था की गई है। आयोजकों को दो दिवसीय महोत्सव में करीब 800 से 900 लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। परिवारों के लिए किफायती फैमिली पास भी उपलब्ध रहेंगे।
इस बार कोई खास थीम नहीं, प्रतिभागियों को मिलेगी क्रिएटिविटी दिखाने की आजादी
इस साल कोलार गरबा महोत्सव में कोई विशेष थीम निर्धारित नहीं की गई है। आयोजकों ने प्रतिभागियों को अपनी पसंद, कल्पनाशीलता और क्रिएटिविटी के साथ गरबा में शामिल होने की खुली छूट दी है, ताकि हर कोई अपने अलग अंदाज में त्योहार का रंग दिखा सके। वहीं, पिछले साल महोत्सव की थीम राधा-कृष्ण पर आधारित थी। उस दौरान प्रतिभागी राधा-कृष्ण के रूप में सजकर पहुंचे थे और उन्होंने शानदार प्रस्तुतियां दी थीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब पसंद किया था।
युवाओं में गरबा को लेकर उत्साह
महोत्सव को लेकर भोपाल के युवाओं में भी जबरदस्त उत्साह है। प्रतिभागी पिछले कई दिनों से डांस क्लासेस में गरबा और डांडिया की प्रैक्टिस कर रहे हैं। गुजराती गानों, पारंपरिक परिधानों और आकर्षक डांस स्टेप्स के साथ गरबा नाइट्स में शामिल होने के लिए युवा उत्साहित हैं।
क्रिएटिविटी कॉन्टेस्ट और डायमंड रिंग जीतने का मौका
कोलार गरबा महोत्सव में डांस के साथ क्रिएटिविटी कॉन्टेस्ट भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। प्रतिभागियों के लिए 10,000 रुपये तक के गिफ्ट्स रखे गए हैं। इसके अलावा लकी ड्रॉ के जरिए डायमंड रिंग जीतने का मौका भी मिलेगा। सुरक्षा, मनोरंजन और गुजराती संस्कृति के संगम के साथ कोलार गरबा महोत्सव नवरात्रि के उत्सव को खास बनाने की तैयारी में है।
